ओल्ड एज होम में रह रहे बुजुर्गो की दर्द भरी दास्तां!
Source: Bhaskar News | Last Updated 02:47(09/02/12)
चंडीगढ़. चंडीगढ़ प्रशासन ने ओल्ड ऐज होम सेक्टर 15 के मैनेजर द्वारा वहां रह रहे बुजुर्गो के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार की पुष्टि कर दी।
प्रशासन ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान बताया कि 16 जनवरी को प्रशासन के स्टैंडिंग काउंसिल एवं इस मामले की शिकायतकर्ता तनु बेदी ने ओल्ड एज होम का दौरा कर वहां रह रहे बुजुर्गो से बात की थी। बुजुर्गो ने भरी आंखों से प्रबंधक के र्दुव्यवहार के बारे में पूरी जानकारी दी कि किस तरह वह बुजुर्गो को प्रताड़ित कर रहा है।
स्टैंडिंग काउंसिल संजय कौशल ने अदालत को बताया कि जब भी कोई व्यक्ति यहां रह रहे बुजुर्गो को गर्म कपड़े बांट जाता है तो बाद में मैनेजर बुजुर्गो से वह कपड़े छीन लेता है। इतना ही नहीं जब बुजुर्ग किसी कारणवश होम से बाहर जाते हैं तो होम की ओर से उन्हें मिलने वाले मासिक खर्च में भी कटौती कर देता है। प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच के लिए सहायक कमिश्नर निधि श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसकी रिपोर्ट 10 फरवरी तक प्रशासन को सौंप दी जाएगी।
जस्टिस एमएम कुमार व जस्टिस अलोक सिंह की खंडपीठ ने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि वह शीघ्र तय करे कि ऐसे मैनेजर को पद पर रखा जाए या नहीं। अगली सुनवाई तक प्रशासन इसकी जानकारी खंडपीठ को देगा।