अफसरों की पोस्ट के लिए भिड़े पंजाब-हरियाणा
Source: Bhaskar News | Last Updated 08:30(08/02/12)
चंडीगढ़. प्रशासन में सेक्रेटरी लेवल के दो नए पदों को लेकर पंजाब और हरियाणा में खींचतान शुरू हो गई है। प्रशासन जहां इन पदों पर यूटी कैडर के अफसरों की तैनाती चाहता है वहीं पंजाब तथा हरियाणा ने इन दोनों पदों पर अपना हक जता रहे हैं।
पंजाब तथा हरियाणा ने केंद्र को इन पदों पर अपने अधिकारी तैनात करने को कहा है। केंद्र ने प्रशासन में सेक्रेटरी लेवल के दो नए पद मंजूर किए है। प्रशासन में अभी तक सेक्रेटरी लेवल के पदों पर पंजाब तथा हरियाणा का दबदबा है।
प्रशासन में होम सेक्रेटरी के पद पर हरियाणा तथा फाइनेंस सेक्रेटरी के पद पर पंजाब के आईएएस अधिकारी तैनात होते रहे हैं। डीसी का पद हरियाणा और निगम कमिश्नर का पद पंजाब के आईएएस के पास होता है। निगम कमिश्नर के पद पर नए अधिकारी की तैनाती न होने से यह पद यूटी कैडर की आईएएस अफसर प्रेरणा पुरी को प्रशासन ने सौंपा हुआ है।
यूटी कैडर के दो नए आईएएस अफसरों के आने से पंजाब तथा हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी और राजनीति में हलचल है। पंजाब ने तो प्रशासक के साथ साथ होम मिनिस्ट्री को भी लिखकर दे दिया है कि नए पदों पर भी उसके अफसरों को ही तैनात किया जाए। पंजाब का कहना है कि यूटी में पंजाब तथा हरियाणा का हिस्सा 60-40 का है। नए पदों पर भी उनके अफसरों की तैनाती हो।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को पत्र लिखा है कि प्रशासन में जो भी नए पद क्रिएट किए जा रहे हैं, उनमें पंजाब का हिस्सा रखा जाए।
-सीएस अग्रवाल, चीफ सेक्रेटरी पंजाब