फाजिल्का से आजाद प्रत्याशी रॉकी गिरफ्तार
Source: संजीव महाजन | Last Updated 04:59(10/02/12)
चंडीगढ़. पंजाब विधानसभा चुनाव में फाजिल्का से आजाद उम्मीदवार जसविंदर सिंह उर्फ रॉकी ने चुनाव से एक दिन पहले एक सरपंच को पिस्टल के बल पर धमकाया था। इस केस में फाजिल्का पुलिस को वांटेड रॉकी को वीरवार को क्राइम ब्रांच चंडीगढ़ ने यहां जिला अदालत में दबोच लिया। रॉकी गैंगस्टर प्रभजिंदर सिंह डिंपी के कत्ल में भी आरोपी है।
बंदूक के दम पर मांगा था सपोर्ट
हत्या, किडनैपिंग, मारपीट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों केस में आरोपी रॉकी फाजिल्का में अपनी पैठ के बलबूते निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहा था। इसी दौरान फाजिल्का के एक सरपंच को पिस्टल के दम पर धमकी देकर चुनाव में सपोर्ट करने को कहा था। सरपंच के न मानने पर उसे उठाने की कोशिश भी हुई थी। सरपंच ने पुलिस को इसकी शिकायत दी थी। इसके बाद रॉकी फरार हो गया था। पंजाब पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही थी।
पंजाब पुलिस ने मांगी थी मदद
पंजाब पुलिस को उम्मीद थी कि रॉकी डिंपी मर्डर केस के ट्रायल में शामिल होगा। फाजिल्का के एसएसपी अशोक बाथ ने रॉकी को दबोचने में चंडीगढ़ पुलिस की मदद मांगी।
गिरफ्तारी के डर से कोर्ट से नहीं निकला
वीरवार को जिला अदालत की सेशंस कोर्ट में रॉकी की पेशी थी। उसके लिए क्राइम ब्रांच ने नाकाबंदी कर रखी थी। दोपहर करीब 12 बजे इस केस में अगली तारीख पड़ गई। गिरफ्तारी के डर से रॉकी शाम 5 बजे तक कोर्ट से नहीं निकला। कोर्ट बंद होने पर ने फरार होने की कोशिश की, लेकिन क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अमनजोत के हत्थे चढ़ गया। रॉकी को सीआरपीसी की सेक्शन 41.1 के तहत हिरासत में लिया है और फाजिल्का पुलिस को इसकी इत्तला दे दी है।
आपराधिक रिकॉर्ड
रॉकी न तो चंडीगढ़ पुलिस के लिए नया नाम है, न ही पंजाब या यूपी पुलिस के लिए। हर जगह रॉकी पर कत्ल के कई केस दर्ज हैं। बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के गिरोह के सदस्य रहे रॉकी पर गैंगवार के आरोप हैं। इसी गैंगवार के चलते 7 जुलाई 2006 को शार्प शूटर्स भिजवाकर डिंपी का सुखना लेक पर कत्ल करा दिया गया था। रॉकी इससे पहले नंद किशोर रोंगटा के कत्ल, निर्मल सिंह जयपुरिया की किडनैपिंग और फिरौती व आर्म्स एक्ट के कई केसों में आरोपी है। यूपी के कई गिरोहों से उसका सीधा तालमेल बताया जाता रहा है।