माता-पिता ने जल्दी आने को कहा, वो दुनिया से ही दूर चला गया
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 05:18(10/02/12)
चंडीगढ़. सेक्टर 22 में बुधवार को 20 साल के बेटे कुनाल गौतम को घर जल्दी आने को लेकर डांटना माता-पिता को इतना महंगा पड़ेगा, उन्होंने नहीं सोचा था। वे नहीं जानते थे कि उनकी बात कुनाल बर्दाश्त नहीं कर पाएगा, लेकिन हुआ ऐसा ही।
माता-पिता की प्यार भरी डांट भी कुनाल ने सहन नहीं की और वीरवार सुबह उसने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। कुनाल के पिता लाल बहादुर गौतम ने जब सुबह देखा तो तुरंत उसे नीचे उतारा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस कुनाल को जीएमएसएच16 लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
क्या हुआ था
सेक्टर 22 पुलिस चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि कुनाल हार्डवेयर का कोर्स कर रहा था। अक्सर वह रात को देर से घर आता था। इसी बात से घरवाले चिंतित रहते थे। बुधवार रात भी जब कुनाल देर से आया तो चिंतित पिता ने उसे देर तक बाहर रहने से मना किया। इसके बाद कुनाल कमरे में चला गया।
वीरवार सुबह जब कुनाल के पिता उसे उठाने गए तो उन्होंने देखा कि उसने फंदा लगाया हुआ है। जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। सभी ने मिलकर शव को नीचे उतारा। बताया गया कि घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला। कुनाल छोटा था, जबकि उसका बड़ा भाई विदेश में रहता है।