पाकिस्तान ने अपना जासूस बनाकर सुरजीत सिंह की रिहायी की?

चंडीगढ़. 31 वर्ष जासूसी के आरोप में पाकिस्तानी जेल में रहने वाला सुरजीत सिंह पाकिस्तान की भाषा क्यों बोल रहा है। सुरजीत सिंह ने वतन लौटने के बाद जिस तरीके से बयान दिया वह भारत के लिए शर्मनाक है। सुरजीत ने कहा कि भारत सरकार ने रॉ का एजेंट बनाकर भेजा था। उन्होंने यहां तक कहा कि भारत सरकार जासूसी की बात नहीं मानेगी तो वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट लेकर जाएंगे। और क्या था पाकिस्तान ने सुरजीत के इस बयान को लपक लिया और कहा कि भारत हमसे माफी मांगे। पाकिस्तानी गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार बताए कि रॉ के और कितने जासूस पाकिस्तान में काम कर रहे हैं। एक तरफ 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में पाकिस्तान नंगा हो रहा था तो सुरजीत ने पूरा मामला ही पलट कर रख दिया। पाकिस्तान को सुरजीत के बयान से पलटवार करने का भरपूर मौका मिला।
सुरजीत के जासूसी वाले बयान को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से बेबुनियाद बयान है। भारत किसी भी तरह की कोई जासूसी किसी भी देश में नहीं करवाता है। गृह मंत्री के बयान के बाद सुरजीत ने सुप्रीम कोर्ट जाने की धमकी दे डाली। सुरजीत ने जिस तरीके से पाकिस्तान से रिहायी के बाद बयान दिया है उससे कई शकों को बल मिलता है। सुरजीत के विरोधाभासी बयान के बाद पाकिस्तानी मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने कहा कि इससे सरबजीत की रिहायी की राह मुश्किल हो जाएगी। उन्होंने सुरजीत के दिमागी हालत पर भी शक किया और इलाज कराने की बात कही।
सरबजीत से दुश्मनी क्यों?
सरबजीत के बारे में पूछने पर सुरजीत ने कई झूठी बातें कही। सुरजीत ने कहा कि सरबजीत ने अपनी रिहायी के लिए इस्लाम स्वीकार कर लिया है। सरबजीत को आतंकवादी तक कहा। पाकिस्तान इस मसले पर जो भी बोल रहा था ठीक उसी की भाषा सुरजीत बोलते रहे। भारत लौटने पर सुरजीत से पूछा गया कि क्या आपकी सरबजीत से मुलाकात हुई थी। सुरजीत का जवाब था हां, मुलाकात हुई थी। पत्रकारों ने पूछा क्या बात हुई आपकी सरबजीत से तो सुरजीत का जवाब था कुछ नहीं आम कैदी की तरह। भला दशकों से दूसरे देश में बंद दो वैसे कैदी जो एक समुदाय, एक प्रदेश और एक ही वतन के हैं उनकी मुलाकात एक कैदी की रिहायी के दौरान आम कैदी की तरह कैसे हो सकती है?
सुरजीत को इलाज की जरूरत
पाकिस्तान के अंसार बर्नी ट्रस्ट के साथ मिल कर कैदियों की रिहाई का मामला उठाने वाले अखिल भारतीय ह्यूमन राइट्स आर्गेनाइजेशन ने सुरजीत का इलाज करवाने की बात कही है। आर्गेनाइजेशन के सेक्रेटरी जनरल हवा सिंह तंवर ने कहा कि वह 30 साल तक जेल में रहा है संभव है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक न हो। क्योंकि वतन लौटने के बाद से ही उसने कई ऐसे बयान दिए हैं जो सामान्य आदमी नहीं दे सकता। ह्यूमन राइट्स आर्गेनाइजेशन के सेक्रेटरी जनरल हवा सिंह ने कहा सुरजीत की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है।
सरबजीत सच्चा सिख: बर्नी
पाकिस्तान में कैद भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह के बारे में मजहब बदलने के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने कहा है कि वह आज भी सच्चा सिख है। यह बयान उन्होंने सुरजीत सिंह के धर्म बदलने के आरोप के बाद दिया है। फिरोजपुर वासी सुरजीत पिछले दिनों पाक जेल से रिहा होकर आया है। उसका दावा है कि रिहाई के लिए सरबजीत ने सिख धर्म छोड़ कर इस्लाम कबूल लिया है।






