डेरों के लेन-देन पर खुफिया नजर
Source: सुखबीर सिंह बाजवा | Last Updated 04:18(07/02/12)
चंडीगढ़. राज्य के विभिन्न धार्मिक डेरों की गतिविधियों पर खुफिया विभाग ने कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार विभिन्न डेरों में आने वाले फंड, प्रबंधन और विदेश से आने वाली करंसी के बारे में रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इंटेलीजेंस विंग के अधिकारियों का कहना है कि अन्य स्थानों की तरह धार्मिक डेरों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
चुनाव में भी डेरों की रही संदिग्ध भूमिका
पंजाब चुनाव में भी कई धार्मिक डेरों की भूमिका संदिग्ध रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने चुनाव से पहले धार्मिक डेरों के प्रमुखों से मिलकर सहयोग की मांग की थी। राज्य की खुफिया एजेंसियों ने अपने स्तर पर 262 छोटे-बड़े डेरों की लिस्ट तैयार की है, जहां समाज सेवा की आड़ में दान के रूप में राशि भेजी जा रही है।
उधर, इंटेलीजेंस चीफ सुरेश अरोड़ा का कहना है कि लॉ एंड ऑर्डर को बरकरार रखने के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को डेरों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।