निकाला रोज के झगड़े का हल, केरोसिन डालकर पत्नी को लगाई आग
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 04:11(07/02/12)
मनीमाजरा. मौलीजागरां की अनीता को उसके पति रामलखन ने केरोसिन डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी अनीता का उपचार पीजीआई में चल रहा है। अनीता द्वारा एसडीएम को दिए बयान के मुताबिक उसकी 9 माह पहले रामलखन से शादी हुई थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह खाना बना रही थी। इसी दौरान उसके पति ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। अनीता बाहर भागी।
लोगों ने उस पर कंबल डाला और आग बुझाई। सूचना मिलने पर पहुंचे पीसीआर कर्मचारियों ने अनीता को सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अनीता 90 प्रतिशत जल चुकी है।
अनीता द्वारा मजिस्ट्रेट को दिए बयान के आधार पर पुलिस ने रामलखन को गिरफ्तार कर लिया है। वह निजी सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी करता है। जांच अधिकारी प्रेम सिंह के मुताबिक रामलखन व अनीता में पहले भी अक्सर झगड़ा होता रहता था।