अब चंडीगढ़ में बनेंगे वर्किग वुमन हॉस्टल
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 05:03(10/02/12)
चंडीगढ़. शहर में कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए कई वर्किग वुमन हॉस्टल बनाए जाएंगे। पहला ऐसा हॉस्टल आईटी पार्क में बनेगा। वहीं, शहर में अवैध रूप से चल रहे सभी पेइंग गेस्ट एकमोडेशन बंद कर दिए जाएंगे।
शहर में कोई भी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग नहीं बनेगी, रिहायशी मकान केवल तीन मंजिल तक होंगे। गांवों में भी बिल्डिंग बायलॉज कड़ाई से लागू किए जाएंगे और वहां 10 मीटर से ऊंची इमारत नहीं बनेगी। शहर के प्लान को भावी जरूरतों को देखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए इंटर स्टेट प्लानिंग बोर्ड तैयार किया जाएगा। यह बोर्ड पंजाब हरियाणा के साथ मिलकर काम करेगा।
प्रशासन चंडीगढ़ को एडमिनिस्ट्रेटिव सिटी बनाना चाहता है। वीरवार को एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मेंबर्स को इसकी जानकारी दी गई। बैठक में शहर को लेकर प्रशासन की भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रशासक शिवराज पाटिल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एडवाइजरी कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ होम सेक्रेटरी, फाइनेंस सेक्रेटरी, डीसी तथा अन्य अफसरों ने भाग लिया।
मास्टर प्लान: रिंग रोड से निकल जाएगा बाहरी ट्रैफिक
शहर का नया मास्टर प्लान तैयार किया जा चुका है। इसमें ग्रीन कवर को बढ़ाने, शहर के आर्किटेक्चरल हेरिटेज को संरक्षित करने की बात की गई है। इसके साथ ही चंडीगढ़ को स्लम फ्री करने, हर सेक्टर में संपर्क सेंटर, कम्युनिटी सेंटर का प्रावधान होगा। इंडस्ट्रियल एरिया में मीडियम एंड स्मॉल इंटरप्राइजेज एक्ट लागू किया जाएगा। कई मल्टीस्टोरी पार्किग तैयार की जाएगी। नया यूटी सेक्रेटेरिएट बनेगा। ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए एनसीआर की तर्ज पर रिंग रोड बनेगी। इस रिंग रोड के बनने के बाद पंजाब तथा हरियाणा से आने वाले ट्रैफिक को शहर के बीच से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। ऐसे वाहन जो अभी चंडीगढ़ से होकर गुजरते हैं वह रिंग रोड से होकर बाहर निकल जाएंगे।
मेट्रो
मेट्रो प्रोजेक्ट में तेजी लाई जाएगी। ट्राईसिटी के लिए मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार होगा। पंजाब और हरियाणा के साथ मिलकर यह प्रोजेक्ट पूरा किया जाएगा। प्रोजेक्ट पर 8388 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मेट्रो का रूट लगभग 37 किलोमीटर का होगा।
हेल्थ
सेक्टर 16 और 32 अस्पताल का विस्तार होगा। डिस्पेंसरियां अपग्रेड की जाएंगी। सेक्टर 22 और मनीमाजरा की डिस्पेंसरी को हॉस्पिटल के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। पीजीआई में अभी मरीजों का दबाव है।
एजुकेशन
शहर में 18 नए स्कूल खोले जाएंगे। शहर के 7 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। शिक्षा के अधिकार को लागू करने के लिए प्राइवेट स्कूलों को फीस मुहैया कराने पर काम किया जाएगा। दक्षिणी सेक्टरों में कई नए स्कूल खोले जाएंगे। स्कूलों का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारा जाएगा।
सिक्योरिटी
चंडीगढ़ पुलिस को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। अपराध पर रोकथाम के लिए ट्राईसिटी की पुलिस मिलकर काम करेगी। पुलिस कर्मियों को आधुनिक ट्रेनिंग दी जाएगी।
सोलर सिटी
नगर निगम को चंडीगढ़ को सोलर सिटी बनाने का काम तेज करने को कहा गया है। इसके लिए शहर में सोलर प्लांट लगेगा तथा सभी नई बिल्डिंगों में सोलर एनर्जी को बढ़ावा दिया जाएगा। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे शहर के लिए जरूरी माना जा रहा है।