महंत को अध्यक्ष बनाने के बाद पहली मीटिंग में जमकर हंगामा

बिलासपुर.जिला सतर्कता समिति में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री चरणदास महंत को अध्यक्ष बनाने के बाद पहली मीटिंग के वक्त शहर की राजनीति में अचानक उबाल आ गया। कलेक्टोरेट में बैठक लेने पहुंचे महंत का विरोध करते हुए जूदेव समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और केंद्र के आदेश की प्रतियां जलाईं। इन कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर, एसपी तक की गाड़ी रोकी।
इधर, महंत समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपाई सिर्फ राजनीति करने के लिए ही सरकारी आदेश का विरोध कर रहे हैं। बैठक के बाद खुद महंत ने कहा कि केंद्र का यह आदेश राज्य सरकार और फिर कलेक्टर के जरिए जारी हुआ है, फिर यह बखेड़ा समझ से परे है। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सिंह जूदेव के रहते कोरबा के सांसद एवं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री को जिला सतर्कता समिति का अध्यक्ष बनाने से नाराज जूदेव समर्थकों और भाजपाइयों ने कलेक्टोरेट के सामने चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने महंत को अध्यक्ष के विरोध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति निरस्त करने की मांग की। सांकेतिक रूप से कलेक्टोरेट के सामने सड़क पर चक्काजाम भी किया गया। कलेक्टर ठाकुर राम सिंह ने भाजपाइयों को बताया कि उनकी मांगों के संबंध में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय को अवगत करा दिया गया है।
जूदेव समर्थकों का कहना था कि कोरबा के सांसद कोरबा की जिला सतर्कता समिति के अध्यक्ष हैं और उनके लोकसभा क्षेत्र की एकमात्र विधानसभा मरवाही, बिलासपुर जिले में आती है। ऐसे में महंत को समिति का अध्यक्ष बनाकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भाजपा सांसद के अधिकार छीने हैं। इसके चलते सांसद जूदेव सहित जिले के मंत्री व विधायक बैठक में शामिल नहीं हुए।
मनमानी फीस वसूलने में तीन स्कूलों पर 77 करोड़ जुर्माना
नया गैस कनेक्शन लेने पर घर में पड़ेगा छापा







