वार्ड बॉय बनाने के नाम पर 20 लाख की ठगी
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:43(10/02/12)
बिलासपुर. सिम्स में वार्ड बॉय की नौकरी लगाने के नाम पर 138 लोगों से करीब 20 लाख रुपए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इनमें से एक पीड़ित ने लालपुर थाने में शिकायत की है। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ चारसौबीसी का जुर्म किया गया है। इनमें चकरभाठा क्षेत्र की एक महिला शिक्षाकर्मी भी शामिल है। गिरोह का सरगना जांजगीर जिले का रहने वाला है और वह पहले से ही जेल में है।
करीब 6 महीने पहले सिम्स में नौकरी लगवाने के नाम पर लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झझपुरी निवासी संतोष साहू (32 वर्ष) से ५ लोगों ने मिलकर रकम ली थी। नौकरी नहीं लगी तो उनसे संतोष ने रकम वापस मांगी। उन्हाेंने संतोष को रकम वापस नहीं किया।
संतोष ने लालपुर थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस ने जांच की और आरोपी अमित साहू, संगीता कौशिक, ममता ठाकुर, तीरथराम व विजय साहू के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया। जांच के दौरान 138 पीड़ित लोगों का नाम सामने आया।
इनसे आरोपियों ने करीब 19 लाख, 50 हजार रुपए लिए हैं। मामले का सरगना तीरथ देवागंन है। बाकी उसके गैंग के सदस्य हैं। तीरथ ठगी के मामले में पहले से ही जेल में है। उसने जांजगीर जिले के बेरोजगार युवकों को अपना शिकार बनाया था। ठगी के लिए वह बकायदा गाड़ी में पीली बत्ती लगाकर घूमता था। संतोष सहित 138 लोगों से मिली रकम भी तीरथ के पास होने की बात सामने आई है। फिलहाल लालपुर पुलिस ने झझपुरी निवासी अमित साहू को गिरफ्तार कर लिया है।