चेहरा देखकर हटाया कब्जा, हंगामा मचा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:42(09/02/12)
बिलासपुर. ट्रैफिक की बाधाएं दूर करने के नाम पर बुधवार को स्थानीय बस स्टैंड के अंदर तथा बाहर होटल व दुकानों के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उसका विरोध हो गया। अतिक्रमण हटाने गए अमले की कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने हंगामा मचाया,परंतु पुलिस बल के साथ होने के कारण विरोध अधिक देर तक टिक नहीं पाया। अमले ने दो होटलों की दुकान के बाहर बनाई गई भट्ठियां व शेड एक्सवेटर से तोड़ दिए। वहीं दो ठेले तथा दुकान के बाहर रखा गया सामान जब्त किया गया।
हाईकोर्ट की फटकार के बाद प्रशासन ट्रैफिक की बाधाएं दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाने तथा चौराहों की व्यवस्था दुरुस्त करने,स्टापर, जेब्रा क्रास तथा अन्य संकेतक बनाने तत्पर हो गया है,परंतु प्रशासन की कार्रवाई का असर ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के रूप में कहीं नजर नहीं आ रहा है। इसकी वजह स्पष्ट है कि प्रशासन की कार्रवाई मुख्य मार्गो पर बिना पार्किग के निर्मित बड़े रसूखदारों के होटल, कांप्लेक्स तथा बेजा कब्जा के खिलाफ न होकर छोटे दुकानदारों पर चल रही है। यही वजह है कि बस स्टैंड में आज अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा।
नगर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते तथा ट्रैफिक पुलिस ने आज दोपहर बेजा कब्जा हटाने की मुहिम बस स्टैंड के अंदर संयुक्त रूप से शुरू की। इस दौरान दो होटलों की अवैध भट्ठियों को तोड़ दिया गया तथा 3 दुकानों के बाहर निकले हुए शेड को हटाया गया।व्यापारियों के विरोध के चलते प्रशासन के अधिकारियों ने दुकानदारों को अपना बेजा कब्जा स्वयं हटाने की शर्त पर चेतावनी देकर छोड़ दिया।
वहीं बस स्टैंड के बाहर ऑटो चालकों द्वारा की गई बेतरतीब पार्किग पर अधिकारियों ने एतराज जताया। ऑटो चालकों से कहा गया है कि बस स्टैंड के आस पास जबरिया पार्किग न करें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अतिक्रमण निवारण दस्ते के प्रभारी नरेंद्र चौहान ने बताया कि बस स्टैंड में अवैध रूप से लगाए गए दो ठेले सहित बेजा क कब्जा कर लगाए गए शेड,दुकानों की कुर्सी, टेबल व अन्य सामान जब्त किया गया। संयुक्त अभियान में ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी इरफान खान तथा अन्य अधिकारी शामिल थे।