तोहफों से मिलेगी मोहब्बत को जुबां
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:37(09/02/12)
बिलासपुर. जवां दिलों के अहसास को शब्दों में बयां करना कठिन होता है। लफ्Êा कम पड़ जाए, जुबां खामोश हो जाएं तो जज्बातों को कुछ और शक्ल देनी पड़ती है। यदि यह काम तोहफों से लिया जाए तो सोने पर सुहागा जैसी बात होती है।
मोहब्बत में तोहफे रिश्तों को नई ऊर्जा से भर देते हैं। प्यार के इकरार का पर्व वेलेंटाइन डे चंद फासलों पर हैं, जिसे देखते हुए मार्केट खूबसूरत गिफ्ट से रोशन हो चुका है। अपने प्यार को कुछ खास देने के लिए तोहफे चुनने की कवायद शुरू हो चुकी है।
वेस्टर्न के रंगों से बचने-बचाने के कितने ही प्रयास किए जाएं, लेकिन दिल कब मोहब्बत से सराबोर हो जाते हैं पता नहीं चलता। कट्टरवादिता और आनर किलिंग के कुछ अपवादों को छोड़ दिया जाए तो महानगरों से लेकर मंझोले, छोटे शहरों में भी वेलेंटाइन डे दस्तक दे चुका है। सरेराह प्यार के इजहार करते दो दिल, हाथों में हाथ डाले जीने-मरने की कसमें खाते युवाओं को देख अब आंखें शर्म से नहीं झुकती। क्योंकि धीरे-धीरे यह चलन में शामिल होता जा रहा है।
ट्रेडिशनल तौर पर दिए जाने वाले ग्रीटिंग कार्डस में भी नवीनता है। बुकलेट कार्ड, एलबम कार्ड, जंबो कार्ड, मल्टी फोल्डिंग कार्ड, पोस्टर लाइक कार्ड, फोटो रिप्लेस कार्ड आकर्षक अंदाज में उपलब्ध हैं। सजावटी हार्ट कर्टन, एंपटी लव केन, म्यूजिकल टैडी, कपल टैडी, क्रिस्टल रोज,म्यूजिक डॉल्स, म्यूजिकल डूंप्स, सॉफ्ट ट्वायज, स्टोन पीस सहित सैकड़ों वैरायटियॉ इश्क करने वालों को लुभा रही है।
कॉलेज के युवा छात्र-छात्राएं, स्कूल के विद्यार्थी सहित प्यार को इबादत मानने वाले उम्रदराज लोग भी तोहफों की खरीदी में जुटे हैं। पहली बार इश्क का इकरार करना हो, रुठे को मनाना हो या प्रेम की दीवानगी में लीन रहना हो। हर जज्बे को बयान करने के लिए कई तरह के तोहफे उपलब्ध हैं।