ख़राब सामग्री के इस्तेमाल पर मुंशी की हुई धुलाई
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:57(07/02/12)
बिलासपुर. मल्हार क्षेत्र के ग्राम पकरिया के निर्माणाधीन स्कूल में खराब मटेरियल उपयोग करने का आरोप लगाकर बाप-बेटों ने मिलकर ठेकेदार के मुंशी से मारपीट की और 65,240 रुपए लूट लिए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम पकरिया में हाईस्कूल भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। ठेकेदार पवन अग्रवाल ने इसे ठेके पर लिया है। वर्तमान में यहां नींव का काम चल रहा है।
ठेकेदार का मुंशी दिनेश वर्मा यहां रहकर देखरेख कर रहा है। 4 फरवरी को पकरिया निवासी लखन सिंह (50 वर्ष) निर्माणाधीन स्कूल के पास पहुंचा और नींव में खराब मुरुम डालने का आरोप लगाते हुए मुंशी दिनेश से गाली-गलौज करने लगा। मुंशी ने इसकी शिकायत मल्हार चौकी में की। पुलिस ने शिकायत पत्र तो लिया पर कार्रवाई की बजाय दोनों के बीच समझौता करा दिया।
अपने पिता के खिलाफ शिकायत की बात जब लखन सिंह के बड़े बेटे देवी सिंह (25 वर्ष) को पता चली तो वह आगबबूला हो गया। शनिवार की शाम वह मुंशी के पास गया और गाली-गलौज करने लगा। मुंशी ने मना किया तो उसने अपने पिता लखन सिंह व छोटे भाई लक्की सिंह (22वर्ष) को भी बुला लिया। फिर तीनों मुंशी के टेंट में घुस गए और उससे मारपीट करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने मुंशी से 65,240 रुपए लूट लिए।
वारदात के बाद तीनों वहां से चले गए। बाद में मुंशी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दिनेश वर्मा की रिपोर्ट पर धारा 452,394 के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपी देवी सिंह व लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूट के 25 हजार रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस को तीसरे आरोपी लखन सिंह की तलाश है।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। सूत्राें के अनुसार आरोपियों का ट्रैक्टर है और यह निर्माणाधीन स्कूल भवन में चल रहा था। ठेकेदार ने उसे बंद करा दूसरे जगह से ट्रैक्टर मंगा लिया। इस बात पर आरोपियों को आपत्ति थी। वे नाराज हो गए। स्कूल भवन के निर्माण में लगे मुंशी से लेकर मजूदर तक बाहर से लाए गए हैं। आरोपियों ने इसकी वजह ठेकेदार व मुंशी से पूछी तो वे भड़क गए और पुलिस से मिलीभगत कर उनके खिलाफ लूट का मामला दर्ज करा दिया। अब इस मामले की जांच की जा रही है।