डामर की जगह सड़क पर डाल दिया ऑइल!
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:26(10/02/12)
बिलासपुर. शहर में फिर घटिया सड़क बनाने का मामला सामने आया है। इस बार गांधी चौक से शिमला टेंट हाउस के सामने तक चल रहे सड़क डामरीकरण के काम में डामर की जगह जले हुए मोबिल आइल का उपयोग किया गया। मौके पर मौजूद नागरिकों ने इसका विरोध किया, लेकिन डामरीकरण का काम रुका नहीं। निर्माण के कुछ घंटे बाद ही सड़क की दुर्दशा उभरकर सामने आ गई।
घटिया सड़क बनाने का आरोप अब तक सीवरेज परियोजना का क्रियान्वयन कर रही सिंप्लेक्स और नगर निगम के ठेकेदारों पर लगता रहा है, लेकिन गवर्नमेंट स्कूल,गांधी प्रतिमा के पास चल रहा डामरीकरण का काम पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है।
यह सड़क नेशनल हाइवे में आती है। गुरुवार दोपहर सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा डामर की जगह जले हुए मोबिल आइल का इस्तेमाल करते देख कर लोग उबल पड़े। हालांकि नागरिकों का विरोध कारगर नहीं हुआ और काम चलता रहा।
लिहाजा सड़क का निर्माण आसानी से पूरा हो गया। घटिया सड़क का विरोध कर रहे लोगों में से रौनक साव ने बताया कि डामरीकरण के काम में जले हुए मोबिल आइल का उपयोग करते हुए उन्होंने पहली बार देखा। घटिया निर्माण की वजह से 5 घंटे के अंदर सड़क पहले से बदतर हालत में पहुंच गई।
डामरीकरण का मटेरियल सड़क पर फैल गया है और पहले की तरह उस पर गड्ढे हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार व अधिकारियों को फोन करने के बावजूद कोई मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे न तो काम में सुधार कराया जा सका और न ही घटिया निर्माण पर ब्रेक लगा।