जरा सी बात पर भिड़ गए विधायक और रेलवे जीएम
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:51(06/02/12)
रायगढ़. रायगढ़ स्टेशन के दौरे पर पहली बार पहुंचे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के जीएम व जनप्रतिनिधियों में तीखी नोंक-झोंक हो गई। दरअसल स्टेशन व यात्री सुविधाओं में विस्तार सहित अन्य मुद्दों पर विधायक डा. शक्राजीत नायक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उनसे चर्चा के लिए गया था। इनका आरोप है कि सबसे पहले स्टेशन मास्टर ने उन्हें जीएम के आगमन का सही समय न बताकर उन्हें गुमराह किया।
बाद में जीएम ने भी उन्हें समय नहीं दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इसे लेकर विधायक डा. नायक उनसे बिना चर्चा किए ही लौट गए। यहां तक कि उन्होंने बस्तर की तरह यहां भी रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दे दी। एसईसीआर के जीएम अरुवेंद्र कुमार का रविवार को रायगढ़ स्टेशन का निरीक्षण करने का कार्यक्रम पहले से ही तय था।
उनके आगमन पर जनप्रतिनिधि अपनी समस्याओं व मांगों को उनके समक्ष रखना चाह रहे थे। विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब जीएम प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित टिकट काउंटर का निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान विधायक डा. नायक सहित जनप्रतिनिधि उनसे मुलाकात करने पहुंचे। उस समय जीएम ने उनसे मिलने के लिए इंकार कर दिया। इस पर डा. नायक का कहना था कि वे जनता की मांगों व स्टेशन की समस्याओं को दूर करने के लिए समय मांग रहे हैं। उन्हें स्टेशन मास्टर पी. सेठी ने जीएम के आने का गलत समय देकर गुमराह किया।
स्टेशन मास्टर ने उन्हें 4 बजे जीएम के पहुंचने की जानकारी दी थी। हम उसी समय से पंचायती धर्मशाला का इंतजार कर रहे हैं। हमें करीब डेढ़ घंटे हो गए इंतजार करते और कब तक करते रहेंगे। इसी बात पर टिकट काउंटर के अंदर विधायक डा. नायक व जीएम कुमार के बीचनोंक-झोंक शुरू हो गई। कुछ पल के लिए वहां का माहौल पूरी तरह से बदल चुका था। डा. नायक जीएम पर एक जनप्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए वहां से बाहर निकल गए।