प्रदेश में पहली मल्टीलेवल पार्किग जल्द
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:33(06/02/12)
बिलासपुर. तार-तार हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मल्टी लेवल पार्किग की कवायद शुरू हो गई है। नगर निगम कमिश्नर ने शहर के सबसे व्यस्त बस स्टैंड व लिंक रोड पर मल्टी लेवल पार्किग बनाने के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
सदर बाजार व गोल बाजार के बाद बस स्टैंड व लिंक रोड व्यस्ततम क्षेत्र माना जाता है, जहां वाहनों की रेलमपेल के कारण ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। इससे लोगों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बस स्टैंड व लिंक रोड में जमीन के लिए सर्वे कराया जा रहा है।
रायपुर में भी थी योजना: शहर में मल्टी लेवल पार्किग बनी, तो यह प्रदेश की पहली आधुनिक शैली की पार्किग होगी। रायपुर नगर निगम में कुछ वर्षो पूर्व इस योजना पर विचार किया गया लेकिन बात नहीं बन पाई।
मल्टी लेवल पार्किग में 4-5 या अधिक फ्लोर की पार्किग में लिफ्ट के जरिए वाहन पहुंचाए जाते हैं। लिंक रोड में बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर नगर निगम के आधिपत्य की एक एकड़ जमीन है, जिस पर बेजा कब्जा करने वालों की नजर पड़ चुकी है। वहीं बस स्टैंड में भी आधुनिक शैली के पार्किग के लिए जमीन की कमी नहीं है।