बिलासपुर.रेलवे हिंदी मीडियम स्कूल के एक शिक्षक पर 12वीं कक्षा की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों ने इसकी शिकायत प्राचार्य से की है। मामले की जांच भी शुरू हो गई है। रेलवे के सीनियर डीपीओ मामले की जांच कर रहे हैं।
रेलवे स्टेशन के पास स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे हिंदी मीडियम में 12वीं की एक छात्रा के परिजन गुरुवार को स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य से मिलकर स्कूल के ही एक शिक्षक पर छात्रा के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर यहां मीडिया से जुड़े लोग भी जुट गए। प्राचार्य महेश बाबू ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इधर, खबर है कि मामले की शिकायत पहले भी हो चुकी थी।
इसकी जांच सीनियर डीपीओ आरके अग्रवाल को सौंपी गई है। वे अभी सभी पक्षों से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपी शिक्षक ने मामले में प्राचार्य पर ही कूटरचना कर खुद को फंसाने का आरोप लगाया है। जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। बहरहाल शिक्षक द्वारा छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने के इस मामले की पूरे दिन स्कूल में चर्चा रही।