शिक्षक पर छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोप, खूब हुआ बवाल
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:47(07/02/12)
जगदलपुर. छात्राओं से यौन शोषण का आरोप लगाते युवकों ने निर्मल विद्यालय में भौतिकी के शिक्षक से मारपीट की। स्कूल में तोड़-फोड़ और हंगामे के बाद दिन भर तनाव पूर्ण माहौल बना रहा। पालकों के बीच भारी पुलिस बल इन सबके बीच 4 घंटे तक डरे सहमे 1500 स्कूली छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों से बवाल का कारण पूछते रहे। कई छात्र रोते रहे तो बाहर परिजन परेशान होते रहे। यह नजारा शहर की अंग्रेजी माध्यम की संस्था निर्मल विद्यालय का था।
सोमवार को यहां कुछ युवकों और अभिभावकों ने संस्था के शिक्षक पर छात्राओं के साथ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल मचाया। स्कूल में फिजिक्स पढ़ाने वाले 35 वर्षीय शिक्षक चक्रधर पटनायक पर युवकों ने आरोप लगाया कि वे स्कूल की कुछ छात्राओं के साथ पिछले कई वर्षो से लगातार यौन शोषण कर रहे हैं और उसकी हरकतें अभी भी जारी है।
लग गया मजमा : शाला परिसर में पूरा बवाल सुबह 8 बजे शुरू हुआ देखते ही देखते यहां लोगों की अच्छी खासी भीड़ एकत्रित हो गई। इस बीच अलग-अलग राजनैतिक दलों के छात्र संगठन के कार्यकर्ता भी यह जमा हो गए और जमकर शाला परिसर में उत्पात मचाया। उग्र भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में स्कूल परिसर में रखे गमलों व शीशों में तोड़-फोड़ की। हंगामा मचाने के बाद भीड़ ने अपना रूख सिटी कोतवाली की ओर किया।
यहां भी काफी देर तक लोगों का जमावाड़ा लगा रहा।
नकाबपोश का बयान किया जारी : छग जोगी न्यास सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष राजा तिवारी ने सोमवार की दोपहर एक निजी हॉटल में प्रेस कांफ्रेंस लेकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ बयान वाली एक वीडियो क्लिप जारी की। इस वीडियो में एक नकाबकोश युवती शिक्षक की हरकतों के बारे में बयान देती नजर आ रही थी।
इसके अलावा एक अन्य युवती का आडियो बयान भी जारी किया गया है। इसमें भी शिक्षक के कारनामों के बारे में यह अज्ञात युवती अपना बयान दे रही है। हालांकि संगठन की ओर से यह साफ नहीं किया गया कि यह दोनों बयान देने वाले युवतियां कौन है? बस इतना बताया गया कि इन दोनों में एक वीडियो में बयान देने वाली छात्रा इस स्कूल की है और आडियो में बयान देने वाली छात्रा शिक्षक के यहां ट्यूशन पढ़ती थी।
वर्दी की नहीं खैर : पिछले कुछ समय में हो रही घटनाओं में देखा जा रहा है कि कुछ मौका परस्त लोगों को विवादों के बीच सीधे पुलिस पर ही हमला बोल देते हैं। स्कूल परिसर में विवाद के दौरान कुछ छात्र नेताओं ने पुलिस से हाथापाई की और गालियों की बौछार भी की, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे संयम व धैर्य का परिचय देते हुए आरोपी शिक्षक को थाने ले आई।
पुलिस वाहन में भी हुई तोड़-फोड़ : आरोपी शिक्षक को भीड़ अपने हवाले करने की मांग पुलिस से कर रही थी। इस बीच हुए तनाव में कुछ पुलिस अधिकारियों से भीड़ की झूमा झटकी भी हुई और शाला परिसर में मौजूद शिक्षकों की कुछ गाड़ियों के अलावा पुलिस की सूमो वाहन को भी भीड़ ने अपना निशाना बनाया।
स्कूल करवाए बंद : मामले की सूचना के बाद कुछ छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर की सारी शिक्षण संस्थानों को बंद करवा दिया। ज्यादातर स्कूल प्रबंधकों ने विवाद को टालने छुट्टी की घोषणा कर दी।