दिनदहाड़े डेढ़ लाख की लूट का शिकार बन गया ये शख्स, लेकिन..
Source: bhaskar news | Last Updated 04:07(05/02/12)
बिलासपुर. शनिचरी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक गुड़ाखू फैक्ट्री के मुनीम से 1 लाख 43 हजार रुपए लूटकर फरार हो गया। घटना भीड़ भरी जगह पर हुई। घटना से व्यापारियों में दहशत है। सरकंडा निवासी नीलमधर दीवान (48 वर्ष) शंकर नगर तोरवा स्थित अग्रवाल गुड़ाखू फैक्ट्री में मुनीम हैं। वे वहां 20 साल से नौकरी रहे हैं।
शनिवार की दोपहर को वे गुड़ाखू सप्लाई करने के लिए शनिचरी बाजार आए थे। गाड़ी से गुड़ाखू उतरवाकर उसे वापस भेजने के बाद वे आसपास की दुकानों से कलेक्शन करने लगे। उनके पास खाकी रंग का थैला था। इसमें कलेक्शन के 1 लाख 43 हजार रुपए थे।
बाजार में उन्हें अपनी पीठ पर गीलापन महसूस हुआ। किसी ने उनकी पीठ पर मैला फंेक दिया था। वे उसे धोने के लिए पास की ही पानी टंकी के पास पहुंचे। वे शर्ट की गंदगी साफ कर रहे थे, इसी दौरान एक युवक उनके करीब पहुंचा। श्री दीवान कुछ समझ पाते, इससे पहले ही युवक रुपयों से भरा थैला छीनकर भाग खड़ा हुआ।
श्री दीवान ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। श्री दीवान ने मामले की रिपोर्ट सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस को घटनास्थल से लुटेरे की एक चप्पल मिली है। पुलिस ने लुटेरे के खिलाफ धारा 379 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
शनिचरी बाजार में इससे पहले भी लूट व उठाईगीरी की वारदातें हो चुकी हैं। यहां की थोक व चिल्हर दुकानों में रोज लाखों रुपए का कारोबार होता है, इसके बाद भी सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां के व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन अभी तक पुलिस की व्यवस्था नहीं की गई।