अपडेट होगा स्टेशन का इंक्वायरी सिस्टम
Source: bhaskar news | Last Updated 03:11(30/01/12)
बिलासपुर। मॉडल स्टेशन के यात्रियों के लिए ट्रेनों की जानकारी हासिल करना और आसान होगा। बिलासपुर रेल मंडल ने स्टेशन के इंक्वायरी काउंटर को अत्याधुनिक सिस्टम से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही यात्री काउंटर के दोनों ओर से पूछताछ कर सकेंगे। टिकट काउंटर के पास नया काउंटर बनाया जा रहा है। यह सुविधा महीनेभर में मिलने लगेगी।
जनरल टिकट काउंटर के कोने में शीशे की दीवार वाला काउंटर बन रहा है। माना जा रहा था कि टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं है। रेल प्रशासन ने इंक्वायरी सिस्टम को बेहतर बनाने की योजना बनाई है। पुरानी बिल्डिंग के पास स्थित इंक्वायरी काउंटर को टिकट काउंटर के पास शिफ्ट किया जाएगा। नए काउंटर को इस तरीके से तैयार किया जा रहा है कि यात्री दो दिशाओं से जानकारी ले सके। नए काउंटर पर प्लेटफार्म और टिकट काउंटर, दोनों ओर पूछताछ की सुविधा दी जा रही है। खास बात यह है कि इस काउंटर को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा, ताकि काउंटर पर बैठे कर्मचारी को ट्रेनों की सही जानकारी पलभर में मिल सके। वर्तमान में इंक्वायरी क्लर्क को ट्रेनों की जानकारी कंट्रोल रूम से लेनी पड़ती है। प्रयास किया जा रहा है कि ब्लैक बोर्ड को हटाकर ट्रेनों की जानकारी एलईडी बोर्ड से प्रदर्शित की जाए। डीआरएम एलसी त्रिवेदी ने बताया कि यात्री इंक्वायरी काउंटर से जानकारी मिलने में देर होने की शिकायत करते रहे हैं। इसे दूर करने के लिए काउंटर को अपडेट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इंक्वायरी काउंटर को महीनेभर में नए स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। काउंटर को यात्रियों की मंशा के अनुरूप बनाने के लिए यात्रियों के अलावा काउंटर पर जानकारी देने वाले कर्मचारियों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं। कर्मचारियों से पूछा गया है कि इंक्वायरी काउंटर मंे किस तरह के फेरबदल किए जाएं, जिससे यात्रियों को आसानी से पूरी जानकारी दी जा सके और कर्मचारियों को भी इसमें राहत हो। अफसरों का कहना है कि यात्रियों और कर्मचारियों से मिले सुझावों को ध्यान में रखकर अंतिम फैसला किया जाएगा।
यह है समस्या
वर्तमान में इंक्वायरी काउंटर पुरानी बिल्डिंग में प्रवेश द्वार पर स्थित है। यात्रियों को गेट की ओर की खिड़की से जानकारी दी जाती है। इसके चलते आने-जाने वालों को दिक्कत होती है। दूसरी समस्या कर्मचारियों की है। कर्मचारियों के अभाव में काउंटर से एक ही दिशा से जानकारी दी जा रही है। प्लेटफार्म में खड़े यात्री को जानकारी देने के लिए गेट के बाहर जाना पड़ता है। इंक्वायरी काउंटर के कंप्यूटर और अनाउंसमेंट सिस्टम भी पुराना हो चुका है, जिसके कारण आटोमैटिक अनाउंसमेंट की सुविधा बाधित होती रहती है।
टेलीफोन इंक्वायरी बंद होने से बढ़ी परेशानी
रेलवे ने देशभर में ट्रेनों के संबंध में जानकारी देने और पूछताछ के लिए 139 नंबर का उपयोग शुरू कर दिया है। पहले स्टेशनों से जो जानकारी दी जाती थी, उसे बंद कर दिया गया है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। 139 पर कॉल करने से कोई भी जानकारी मिलने में काफी समय लगता है। कई लोग इसकी पेचीदगी से परेशान होकर कॉल भी नहीं करते। इस वजह से भी इंक्वायरी काउंटर पर दबाव बढ़ जाता है।