राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे कलेक्टर: गृहमंत्री कंवर
भास्कर न्यूज
| Dec 11, 2012, 06:33AM IST

बिलासपुर. गृह एवं सहकारिता मंत्री ननकीराम कंवर प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ बयान देकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।
उन्होंने कलेक्टरों पर राज्य सरकार के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। गृहमंत्री ने कहा कि कलेक्टर्स की केंद्र सरकार से मिलीभगत है और केंद्र के इशारे पर ही वे सोसायटियों से धान का उठाव समय पर नहीं होने देना चाह रहे हैं, ताकि किसान परेशान हों और राज्य सरकार की छवि खराब हो। वे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से इसकी शिकायत करेंगे।
छत्तीसगढ़ भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में सहकारिता मंत्री ने कहा कि धान खरीदी कलेक्टर की जिम्मेदारी है, लेकिन वे नहीं चाहते कि किसानों का धान समय पर खरीदा जाए और उसका जल्दी उठाव हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर राइस मिलर्स से र्दुव्यवहार करते हैं।
कलेक्टरों ने ही सोसायटियों को कम धान खरीदने के लिए कहा है। सोसायटियों में 50 फीसदी धान जाम हो चुका है। कंवर ने बताया कि उन्होंने प्रमुख सचिव से कहा है कि वे मार्कफेड को तत्काल धान का उठाव कराने के निर्देश दें। इसके बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
संघ का चुनाव से कोई संबंध नहीं
कंवर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्वतंत्र संस्था है और राष्ट्रहित में काम करता है। उसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। देश में संघ की एक अलग पहचान है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल द्वारा संघ प्रमुख के प्रवास को लेकर उन पर लगाए आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वे विपक्ष में हैं, विरोध करना उनका काम है। पुख्ता मुद्दे न मिलने पर वे ऊल-जलूल बयान दे रहे हैं।
चार कलेक्टरों पर आरोप
गृहमंत्री ने बताया कि बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, दुर्ग व कोरबा के कलेक्टरों के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। क्या कलेक्टर मंत्री की भी नहीं सुनते, इस सवाल पर कंवर ने कहा कलेक्टर अपने मन की करेंगे तो मंत्री क्या करेंगे?
मंत्रियों को सीएम ने बनाया पंगु
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मंत्रियों को पंगु बना दिया है। सीएम के निर्देश के कारण मंत्रियों की कोई अफसर सुनता नहीं। इसी से पीड़ित होकर कंवर कलेक्टरों पर यह आरोप लगा रहे हैं।








