सालों से जमे 345 राजस्व निरीक्षकों का तबादला
Source: bhaskar news | Last Updated 03:20(02/02/12)
रायपुर। विभिन्न क्षेत्रों में अंगद की तरह जमे 345 राजस्व निरीक्षकों का राज्य सरकार ने बुधवार को तबादला कर दिया। इनमें से ज्यादातर ऐसे हैं जो 10-15 सालों से एक स्थान पर जमे थे। इस बदलाव से राजस्व विभाग में चुस्ती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजस्व विभाग को लंबे समय से इन निरीक्षकों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। ज्यादातर शिकायतें थीं कि बिना लेन-देन के आम लोगों का काम नहीं होता। उन्हें महीनों दौड़ाया जाता है। राजस्व मंत्री अमर अग्रवाल ने अफसरों से लंबी मंत्रणा के बाद इनके तबादले के निर्देश दिए थे। पिछले साल भी राजस्व निरीक्षकों व पटवारियों को हटाने पर बवाल मचा था। कुछ महीनों पूर्व शासन ने बरसों से जमे आरआई की पहचान कर उन्हें हटाने का अधिकार संभागायुक्तों को सौंपा था। बस्तर को छोड़ रायपुर, बिलासपुर व सरगुजा के संभागायुक्तों ने ऐसे दर्जनों आरआई को हटाने के आदेश भी जारी किए।
प्रभावित कई निरीक्षकों ने इस आदेश को कोर्ट में चुनौती दे दी। उनका कहना है कि आरआई के विभागाध्यक्ष राजस्व मंडल के अध्यक्ष होते हैं लिहाजा संभागायुक्तों को उन्हें हटाने का अधिकार नहीं है। मामला कोर्ट में लंबित है। इधर, बड़े पैमाने पर तबादले के बाद भी विभाग ने नरम रूख अपनाया है। उनके तबादले पड़ोसी जिलों में ही किए गए हैं। केवल 6-7 आरआई ही ऐसे हैं जिन्हें दंतेवाड़ा भेजा गया है।