नगर सैनिक बनने आज से माना में लगेगा युवाओं का मेला
Source: bhaskar news | Last Updated 02:13(30/01/12)
रायपुर। नगर सैनिकों के खाली पदों को भरने के लिए सोमवार से केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान माना में भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा 4 फरवरी तक चलेगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों के लिए 6 फरवरी को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
परीक्षा में रायपुर, गरियाबंद और महासमुंद के 3187 उम्मीदवार शामिल होंगे। नगर सैनिक बनने के लिए युवाओं की ओर से जबर्दस्त उत्साह दिखाया जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों के युवा रविवार की रात से ही राजधानी पहुंचने लगे। इस वजह से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में युवाओं की भीड़ दिखाई दी।
जिला सेनानी नगरसेना आरपी गुप्ता ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उम्मीदवारों को रोल नंबर आवंटित कर दिए गए हैं। रोल नंबर के अनुसार ही शारीरिक दक्षता परीक्षा ली जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे माना पहुंचना होगा। 5 फरवरी को मैदानी परीक्षा के नतीजे घोषित किए जाएंगे। लिखित परीक्षा प्रशिक्षण संस्थान माना में ही सुबह 8 बजे से होगी। इसी प्रकार व्यावसायिक दक्षता परीक्षा दोपहर एक बजे से होगी।