राज्य में रेलवे औद्योगिक कॉरीडोर बनाए : रमन
Source: bhaskar news | Last Updated 03:27(02/02/12)
रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को मंत्रालय में रेल अफसरों को सुझाव दिया कि राज्य में औद्योगिक कारीडोर बनाया जाए। प्रदेश में जहां कारखाने ज्यादा हैं वहां प्राथमिकता से रेल लाइनों का विस्तार किया जाए। कोयला खदान क्षेत्रों में रेल लाइन बिछाने पर इसके परिवहन के साथ ही यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।गौरतलब है कि केंद्रीय रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी 8 फरवरी को रायपुर आ रहे हैं। इसी सिलसिले में रेल महाप्रबंधक अरुणोंद्र कुमार अफसरों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से चर्चा के लिए पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने रायपुर से राजनांदगांव और जगदलपुर से किरन्दुल के बीच सड़क मार्ग पर दबाव कम करने के लिए हर एक घंटे में यात्री ट्रेन चलाने की जरूरत बताई। साथ ही राजनांदगांव से दुर्ग, रायपुर होते हुए नया रायपुर तक एक नयी रेल लाइन की जरूरत भी बताई। उन्होंने लंबित योजनाओं का जिक्र करते हुए कोरबा से धरमजयगढ़, पत्थलगांव, जशपुर व लोहरदगा (झारखंड) तक की परियोजनाओं को पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 326 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर करीब 2444 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी तरह गेवरा से पेंड्रा तक 122 किलोमीटर की परियोजना पर करीब 8 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
रायगढ़ से मांड तक 63 किलोमीटर लंबी परियोजना पर 344 करोड़ का खर्च आएगा।उन्होंने अंबिकापुर-रायपुर-दुर्ग ट्रेन में एसी के साथ ही बोगियों की संख्या बढ़ाने और जगदलपुर में रेल टर्मिनल के साथ ही किरंदुल शटल ट्रेन चलाने का भी सुझाव दिया।
सांसद भी बैठक में आमंत्रित: रेल मंत्री सुबह 11 से 1.30 बजे तक बैठक लेंगे। इसमें मुख्यमंत्री के साथ राज्य के सभी सांसद, राज्य के उद्योगपति, एनटीपीसी, एनएमडीसी के चेयरमेन भी रहेंगे।