राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
नक्सलियों के ‘बैग’ विस्फोट से डीएसपी और 2 जवान घायल
भास्कर न्यूज
| Jan 07, 2013, 06:10AM IST

गरियाबंद। नक्सलियों द्वारा रखे गए ‘बैग बम’ में विस्फोट से पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार मिंज समेत दो जवान घायल हो गए। घटना जिला पुलिस मुख्यालय से 33 किमी दूर दबनई नाला के समीप मैनपुर राजमार्ग पर शनिवार की रात ढाई से तीन बजे के बीच हुई। घायलों को सुबह 6 बजे प्राथमिक उपचार के बाद रामकृष्ण अस्पताल रायपुर भेज दिया गया।
घटना के संबंध में आईजी अशोक जुनेजा ने बताया कि नक्सलियों द्वारा पेड़ काटकर इस मार्ग को जाम किए जाने की खबर पर डीएसपी मिंज 25 जवानों के साथ जाम हटाने के लिए वहां पहुंचे थे। वहां उन्होंने देखा कि पास के एक पेड़ पर नक्सली बैनर के साथ एक काला बैग टंगा हुआ है।
मिंज ने सहयोगी जवानों के साथ बैनर और बैग को नीचे उतार लिया। एक जवान ने जैसे ही बैग की चैन खोली उसमें विस्फोट हो गया। इसमें मिंज के साथ ही दो जवान घायल हो गए। संयोग था कि तीनों ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जब आसपास के इलाके की सर्चिग की तो एक टिफिन बम भी मिला, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया।
इसके पहले नक्सलियों ने सड़क पर साल के एक पेड़ को काटकर गिरा दिया था। इस वजह से रविवार की सुबह 8 बजे तक आवागमन अवरूद्ध रहा। वहीं पास में धवलपुर की एक दुकान के बाहर नक्सलियों ने बैनर लगा रखे थे। इसमें लिखा था कि ‘छत्तीसगढ़ व ओडिशा के गरियाबंद नुआपाड़ा जिलों में पुलिस दमन के विरोध में 6 जनवरी को एक दिवसीय बंद मनाओ।’ बैनर भाकपा माओवादी नुआपाड़ा डिवीजन कमेटी ने लगाया था। इस इलाके में पहली बार ओडिशा की नक्सली डिवीजन कमेटी ने ऐसे बैनर लगाए थे।
पहली बार ऐसा विस्फोट
नक्सलियों द्वारा पहली बार बैग में विस्फोटक रखकर विस्फोट कराया गया। सुरक्षा बल विस्फोट के इस तरीके से अचंभित हैं। वे यह नहीं समझ पा रहे हैं कि नक्सलियों ने इसके लिए कौन सी तकनीक इस्तेमाल की थी। गौरतलब है कि नक्सली अभी तक जमीन में बारूदी सुरंगों के जरिए ही विस्फोट करते हैं।







