मछली विभाग का निरीक्षक चढ़ा हत्थे
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:06(09/02/12)
जगदलपुर. एंटी करप्शन ब्यूरो ने बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे मत्स्य विभाग में बकावंड में पदस्थ निरीक्षक लखन सिंह के धरमपुरा रोड पर अघनपुर स्थित पेट्रोल पंप और आवास पर एक साथ दबिश दी। रायपुर से आए डीएसपी दशरथ नेगी के साथ उनकी टीम के अन्य सदस्यों ने लखन सिंह के आवास और जगदलपुर के डीएसपी मदन नेगी के नेतृत्व में एसीबी के दल ने पेट्रोल पंप पर जांच शुरू की।
डीएसपी दशरथ नेगी के साथ दो राजपत्रित अधिकारी जिला योजना अधिकारी बंजारे व अधीक्षक भू-अभिलेख शंकर पाटले मौजूद थे। जबकि पेट्रोल पंप पर डीएसपी मदन नेगी के साथ राजपत्रित अधिकारी के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी डी सोमैया और डॉ. ललित बघेल को तैनात किया गया था। एसीबी के डीएसपी मदन नेगी ने बताया कि लखन सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप के बाद लंबे समय से एसीबी ने अपने स्तर से जानकारी एकत्र की थी। जिसके बाद सुबह कार्रवाई शुरू की गई।
एसीबी ने निवास से 2 लाख 62 हजार 600 रुपए नगद बरामद किए। इसके साथ ही लखन सिंह व उनकी पत्नी के नाम पर 26 लाख 49 हजार रुपए कीमत के दो आवासीय प्लाट होना पाया गया है। जगदलपुर शहर के समीप नानगुर, जमावाड़ा, अघनपुर, माड़पाल, नगरनार एवं कुरंदी में 10.190 एकड़ कृषि भूमि भी मिली है जिसकी कुल कीमत 1 करोड़ 16 हजार 100 रुपए आंकी गई है।
एसीबी की जांच में 1 करोड़ 25 लाख रुपए लागत का एक पेट्रोल पंप और डेली नीड्स की थोक की दुकान का खुलासा भी हुआ है। जो लखन सिंह की पत्नी ममता सिंह के नाम पर बताई गई है। इसके अलावा बैंक व पोस्ट आफिस में जमा 2 लाख 53 हजार 600 रुपए और 1 लाख 29 हजार 164 लाख का फिक्स डिपॉजिट का पता चला है।
39 लाख रुपए की लागत के दो दस चक्का टैंकर, एक टवेरा वाहन और दो मोटरसाइकिल होने की जानकारी मिली है। डीएसपी नेगी ने बताया कि इनके अलावा और भी संपत्ति का पता लगाया जा रहा है। बैंक लाकर होने की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन सभी बैंकों को सूचित कर दिया गया है। उनसे और भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई में रायपुर से आए डीएसपी सहित इंस्पेक्टर जैरोम लकड़ा एवं जैरोल लकड़ा, हेड कांस्टेबल नत्थे सिंह, आरक्षक घनश्याम साहू, राजेंद्र ठाकुर, जोगेंद्र साहू, फरसूराम मंडावी, सोनिया कुशवाहा व सत्यवती मूर्ति शामिल है। सुबह साढ़े पांच बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक जारी थी।
ऐसे मिली प्रापर्टी
पेट्रोल पंप एवं डेली नीड्स के थोक की दुकान, लागत 1 करोड़ 25 लाख रुपए.
नानगुर, जमावाड़ा, अघनपुर, माड़पाल, नगरनार एवं कुरंदी में 10 एकड़ से ज्यादा जमीन
दस चक्का टैंकर, टवेरा वाहन, दो मोटरसाइकिल, कीमत - 39 लाख रुपए