जाम से मिलेगी मुक्ति: गौरवपथ जैसी बनेगी विधानसभा रोड
Source: गोविंद पटेल | Last Updated 02:47(30/01/12)
रायपुर। मोवा से विधानसभा तक बन रहे टू-लेन को गौरव पथ की तर्ज पर बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने शहर की सड़कों को एक जैसा लुक देने के लिए यह निर्णय लिया है। विधानसभा रोड के बीचों-बीच डिवाइडर बनाया जाएगा, जो गौरव पथ की तरह होगा।
राजधानी में शास्त्री चौक से लेकर तेलीबांधा तक गौरव पथ बनाया गया है। इसी तरह मोवा से विधानसभा तक बन रही सड़क को विकसित किया जा रहा है। जशपुर के मेसर्स विनोद जैन को इसका ठेका दिया गया है। मोवा से विधानसभा तक सड़क की लंबाई 7.4 किलोमीटर है।
विधानसभा से सड्ढू तक सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है। सड्ढू से मोवा का काम चल रहा है। वहां सड़क के दोनों ओर काफी संख्या में पेड़ थे, उन्हें काट दिया गया है। सड़क चौड़ी होने से विधानसभा जाने के लिए रास्ता आसान हो जाएगा। यह सड़क राजधानी को बलौदाबाजार से जोड़ती है। इस वजह से इस पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है। मोवा में ओवरब्रिज बनने से ट्रैफिक आसान हुआ है, लेकिन मोवा के आगे सड़क संकरी होने के कारण जाम लगता रहा है। चौड़ीकरण से यहां भी ट्रैफिक आसान हो जाएगा। इस सड़क का काम पांच-छह महीने में पूरा होने की उम्मीद दिख रही है।
धूल और पानी से सड़क को बचाने के लिए भी हो रहे इंतजाम
किनारे में लगेंगे पेवर ब्लॉक
सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, ताकि सड़क पर धूल न आए। लोगों के पैदल चलने के लिए भी जगह रहे। बारिश के पानी को सड़क पर ठहरने न देने के लिए सड़क के दोनों ओर नालियां बनाई गई है।सड़क के किनारे छायादार और सुंदर पेड़ भी लगाने की योजना है।
शहर की सड़कों की डिजाइन एक जैसी रखने के लिए विधानसभा रोड को भी गौरव पथ की तरह बनाया जा रहा है। भविष्य में शहर की आबादी को देखते हुए पानी की निकासी और धूल से बचाव के उपाय किए गए हैं।
पीके जनवदे,
ईएनसी पीडब्ल्यूडी