बिलासपुर.चकरभाठा व पुलिस लाइन की संयुक्त पुलिस टीम ने क्रिकेट खिलाड़ी बनकर गुरुवार को मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम डोमगांव में दबिश दी। यहां से 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनसे 12,140 रुपए और 6 मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली कि मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम डोमगांव में जुआ चल रहा है और फड़ में बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं।
अधिकारियों ने चकरभाठा थानेदार आशीष वासनिक को वहां टीम लेकर दबिश देने का निर्देश दिया। श्री वासनिक ने लाइन से 10 नवआरक्षकों को लिया। उन्हें बैट, बाल लेकर खिलाड़ी की तरह चलने के लिए कहा गया। वे 6 अलग-अलग बाइक में वहां गए। सभी क्रिकेट की जर्सी में थे। उनके पीछे एक बंद गाड़ी में वासनिक व चकरभाठा थाने के जवान थे।
पुलिस टीम डोमगांव पहुंंची। गांव के बाहर जुआरियों के मुखबिरों को इसकी भनक नहीं लग पाई। टीम ने फड़ के पास पहुंचकर जैसे ही जुआरियों को पकड़ने की कोशिश की, इनमें से कुछ भाग निकले। पुलिस ने 8 लोगों को मौके से ही पकड़ लिया। उनसे 12,140 रुपए व 6 नग मोबाइल बरामद हुआ। घटनास्थल पचपेड़ी चौकी के अंतर्गत है, इसलिए पुलिस ने जुआरियों को पचपेड़ी पुलिस को सौंप दिया।
मामले में 13(क) जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पकड़े गए जुआरियों में महतरा निवासी हुलेंद्र कुमार पटेल, लोकनाथ पटेल, जवाहर मरार, दीनबंधू पटेल, दादू पटेल, पुनाराम यादव सहित राजू यादव डोमगांव व ओंकार पटेल बहतरा शामिल हैं। इससे पहले चकरभाठा थानेदार की टीम ने बाराती बनकर पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम माना डेरागांव से जुआरियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पुलिस को 98 हजार रुपए मिले थे।