घास ने खोली घटिया निर्माण कार्य की पोल
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:23(09/02/12)
दुधावा. लंबे से समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही मांग के बाद दुधावा बांध के एप्रोच रोड में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा पखवाड़े भर पूर्व जितने भाग में डामरीकरण का कार्य किया गया है उसमें घास उग आई है।
डामर की सड़क में उगे हुए घास ने वहां किए गए घटिया कार्यो की पोल खोल दी है। विभाग इसे बड़ा मुद्दा ना बताते हुए तेज ठंड के कारण सड़क में घास उगना बता रहा है। 50 वर्ष पूर्व बने बांध में पहली बार 50 लाख खर्च कर डामरी करण का कार्य किया जा रहा है।
डब्ल्यूबीएम मार्ग होने के कारण ग्रामीण तथा सैलानियों को यहां चलने में काफी परेशानी होती थी। मांग को देखते हुए सिंचाई विभाग द्वारा मार्ग में डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। लेकिन जिस प्रकार से कार्य किया जा रहा है उससे लग रहा है कि मार्ग का डामर पहली बारिश में बह जाएगा।
डामरीकरण कार्य में नीचे बिछाए जाने वाली गिट्टी नहीं बिछाई गई तथा मात्र खाना पूर्ति करने मार्ग ऊपर डामर की परत बिछाई जा रही है। डामर की पतली परत बिछाने के कारण मार्ग में घास उगने लगी है।
बांध के 3 किमी में से 2 किमी में सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। बांध में सड़क निर्माण का कार्य मंदिर से लेकर रेस्टहाउस मध्य होना है। बांध में डामरीकरण के कार्य में बरती जा रही अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त हैं।
खजुरावन निवासी मीनाराम निषाद, गोपाल प्रसाद साहू, दुधावा निवासी इंद्रभान साहू ने कहा कि डामरीकरण में गुणवत्ता का अभाव है जिसका परिणाम है कि उसमें घास उगने लगी है। यदि मोटी परत में डामर डाला जाता तो उसमें से घास नहीं उगती। यह सड़क पहली बरसात में ही दम तोड़ देगी।