रेलमंत्री जितना फूलों से लदे उतना ही मांगों से
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:03(09/02/12)
रायपुर. रायपुर प्रवास पर आए केंद्रीय रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी के सामने बुधवार को कांग्रेस, भाजपा, चैंबर समेत दर्जनों संगठनों ने मांगों का पिटारा खोल दिया। मुख्यमंत्री ने रेलमंत्री को राज्य में 39 नई ट्रेनें चालू करने और 31 नई रेल लाइन बिछाने के संबंध में प्रस्ताव दिया।
वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने गिरौदपुरी तक ट्रेन चलाने, दुर्ग को मॉडल स्टेशन बनाने, रावघाट परियोजना शुरू करने की मांग की। भाजपा ने भर्तियों में स्थानीय को प्राथमिकता, बीएसयूपी योजना के लिए राज्य सरकार को जमीन देने, रायपुर-धमतरी बड़ी लाइन का काम शुरू करने और चैंबर ने वैगन कोच निर्माण कारखाना लगाने व आरक्षण काउंटर बढ़ाने की मांगें की।
नई ट्रेनें दें : कांग्रेस
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने रेल मंत्री से गिरौदपुरी मार्ग पर रेल लाइन बिछाने की मांग की। इसके अतिरिक्त 22 सूत्री रेल सुविधाओं की मांगों का ज्ञापन सौंपा। दुर्ग स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाने, रावघाट प्रोजेक्ट को जल्द शुरू करने, समलेश्वरी एक्सप्रेस को जगदलपुर तक बढ़ाने, पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन करने की मांग सौंपी गई। युवा कांग्रेस रायपुर पश्चिम विधानसभा के रमेशचंद्र कुमार ने रेल मंत्री को प्रेषित ज्ञापन में रायपुर में वाश एप्रन की मांग की है। रायपुर शहर जिला युवा कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष किशनलाल बाजारी ने पुरी-जोधपुर, दुर्ग-जोधपुर को सप्ताह में पांच दिन चलाने की मांग की। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंदरचंद धाड़ीवाल ने रायपुर स्टेशन में चलित सीढ़ी, लगभग 10 बैटरी चलित कार, मेडिकल स्टेशन, एंबुलेंस, स्टेशन के दोनों तरफ सुलभ शौचालय तथा प्रवक्ता शेख शकील ने रायपुर से अजमेर शरीफ के लिए रेल सेवा की मांग की।
डोंगरगढ़ से खैरागढ़, मुंगेली, कवर्धा होते हुए बिलासपुर तक नई लाइन
दुर्ग-गोवाहटी नई ट्रेन
गोंडवाना एक्सप्रेस को अमृतसर तक
बागबाहरा से बरगढ़ तक नई लाइन
अंबिकापुर को बरवाडीह से जोड़ने वाली लाइन की स्वीकृति
जगदलपुर से रायगढ़ तक इंटरसिटी
बिलासपुर से हरिद्वार तक सीधी रेल सेवा
रायपुर-धमतरी-कांकेर बड़ी लाइन का काम शुरू करने।
नई लाइनें दें: भाजपा
भाजपा के महामंत्री शिवरतन शर्मा ने महासमुंद व मंदिरहसौद रेल क्षेत्र को बिलासपुर जोन से संबद्ध कर रायपुर रेल मंडल के अधीन करने की मांग की। जोन के अंतर्गत होने वाली भर्तियों में स्थानीय को प्राथमिकता आदि की मांग की। बीएसयूपी योजना के तहत गरीबों को मकान बनाकर देने के लिए राज्य सरकार को जमीन देने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अध्यक्ष अशोक पांडे ने रायपुर रेलवे स्टेशन में पार्किग ठेका रद्द करने, दुर्ग-रायपुर-इंदौर एक्सप्रेस शुरू करने, रायपुर-धमतरी बड़ी लाइन का काम शुरू करने की मांग की।
हावड़ा-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस का रायपुर में स्टापेज
रायपुर-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन का दोहरीकरण
रायपुर-तिरुपति-हैदराबाद होते हुए कन्याकुमारी तक सुपरफास्ट ट्रेन
दुर्ग-रायपुर-इंदौर तक सुपरफास्ट ट्रेन
रायपुर डिवीजन में फुटबाल व क्रिकेट स्टेडियम
ट्रेन में अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति।
नई सौगातें दें : संगठन
विश्व ब्राrाण संघ भारत के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा ने छत्तीसगढ़ से परशुराम एक्सप्रेस नाम से अंबिकापुर से बिलासपुर, रायपुर, नागपुर होकर नई दिल्ली तक नई ट्रेन शुरू करने की मांग की है। श्री गुजराती ब्रrा समाज रायपुर के अध्यक्ष महेश एम. व्यास के नेतृत्व में समाज के लोगों ने विद्याचरण शुक्ल के बंगले में उनसे भेंट की। छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी और महामंत्री जितेंद्र बरलोटा ने रायपुर या रायगढ़ के नजदीक वैगन कोच निर्माण कारखाना लगाने, रायपुर से नांदेड़ तक ट्रेन, बिलासपुर से छूटने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में पेंट्रीकार, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस का झारसुगड़ा में स्टापेज, आरक्षण और टिकट काउंटर बढ़ाने की मांग की है। नागरिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष विश्वजीत मित्रा और डॉ. राकेश गुप्ता ने रेलवे के पिछले पांच साल के राजस्व 42000 करोड़ में से 30 प्रतिशत का निवेश छत्तीसगढ़ में रेलवे कारखाना खोलने में लगाने की मांग की। इसके साथ ही बस्तर सरगुजा में रेल लाइन बिछाने की मांग की। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त महाराष्ट्रीयन समाज के अध्यक्ष अभय साठे ने गोंदिया से कोल्हापुर तक चलने वाली महाराष्ट्र एक्सप्रेस को रायपुर, दुर्ग या बिलासपुर से चलाने की मांग की।
रेल मंत्री के सामने प्रजेंटेशन
मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सुबोध सिंह ने प्रदेश की रेल संबंधी आवश्यकताओं के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया।
रमन, वोरा, त्रिवेदी भोज की टेबल पर
रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी के सम्मान में मुख्यमंत्री ने आज जेल रोड स्थित होटल में भोज का आयोजन किया। राजनीति के कई विपरीत ध्रुवों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। माहौल बेहद शालीन रहा, लेकिन विधायक अपने-अपने क्षेत्र के लिए ट्रेनों की मांग रखने से नहीं चूके। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से हटकर कांग्रेस-भाजपा के नेताओं ने भोजन की टेबल पर परिवार की तरह भोज किया। एक टेबल पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, उनके बगल में रेल मंत्री श्री त्रिवेदी, कांग्रेस कोषाध्यक्ष व सांसद मोतीलाल वोरा, केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत, सांसद रमेश बैस व सरोज पांडेय आदि बैठे थे। राज्य के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, रामविचार नेताम आदि ने भी इसी टेबल पर भोजन में उनका साथ दिया।
रेलवे नेटवर्क बढ़ाना जरूरी : राज्यपाल
राज्यपाल शेखर दत्त का मानना है कि राज्य में रेल नेटवर्क में इजाफा होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री केएच मुनियप्पा से भी इसका जिक्र किया। राज्य के दौरे पर आए श्री मुनियप्पा आज राजभवन में राज्यपाल श्री दत्त से सौजन्य भेंट करने पहुंचे थे। राज्यपाल ने कहा कि बिलासपुर रेल जोन देश में सबसे अधिक राजस्व देता है। फिर यहां रेल नेटवर्क की कमी है। दूरस्थ व आदिवासी अंचल इस सुविधा से वंचित हैं।
धमतरी लाइन को ब्रॉडगेज में बदलें: कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने धमतरी छोटी लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग रेल मंत्री दिनेशचंद्र त्रिवेदी को ज्ञापन सौंपकर की। उन्होंने उन्होंने धमतरी से बालोद तक रेल लाइन बिछाकर दल्ली राजहरा लाइन से जोड़ने की मांग भी की।