रायपुर। राजधानी में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले दिल्ली की बांसुरी (रिफिलर) के सहारे अपना धंधा चमका रहे हैं। पाइपनुमा इस उपकरण के माध्यम से वे दो मिनट में एलपीजी के बड़े सिलेंडर से छोटे में गैस रिफिल कर देते हैं।
इसका खुलासा डीबी स्टार टीम ने पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर जोरा पारा और नया पारा में किया। कार्रवाई के दौरान फ्लेम एंड फ्लेम गैस एजेंसी का कर्मचारी कालाबाजारी करने वालों के पास सिलेंडर डिलेवरी करते पकड़ा गया। इस दौरान घरेलू के साथ छोटे 24 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
एक से भर देते हैं चार छोटे गैस सिलेंडर
डीबी स्टार टीम को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि राजधानी के कुछ क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर को छोटे में रिफिल कर बेचा जा रहा है। टीम ने इसकी पुष्टि कर एसएसपी दिपांशु काबरा और जिला प्रशासन को सूचना दी। उनके निर्देश पर एसडीएम सौमिल चौबे और कोतवाली सीएसपी ओमप्रकाश शर्मा ने इन्हें पकड़ने की योजना बनाई।
5 दिसंबर को टीम के सदस्य खाली छोटे सिलेंडर में गैस भरवाने के लिए नया पारा स्थित दुकानों पर पहुंचे। संचालकों से कहा कि यही सिलेंडर भर दीजिए। इस पर वे अपने अड्डे पर ले गए। इशारा मिलते ही अधिकारी भी वहां पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। इस दरमियान नया पारा में राकेश गुप्ता के घर से पांच घरेलू सिलेंडर और दो छोटे सिलेंडर जब्त किए। यहां पर फ्लेम एंड फ्लेम गैस एजेंसी का डिलेवरी ब्वॉय भी पकड़ा गया। उसके पास से इंडेन के पांच सिलेंडर जब्त किए गए।
जोरा पारा स्थित अड्डे से चार सिलंेडर और तीन छोटे सिलेंडर जब्त किए। 24 सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। कार्रवाई में खाद्य अधिकारी मनीष यादव, सहायक खाद्य अधिकारी रमेश चंद्र गुलाटी, रत्ना शर्मा और अनिल जैन शामिल थे।
हर स्तर पर 50 रुपए का मुनाफा कमाते हैं
जोरा पारा में प्रकाश राव के घर की छत पर रिफिलिंग करने वाले सुरेंद्र करराज के पास इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा भी मिला। उसने बताया कि राकेश गुप्ता, मन्नु नामक व्यक्ति नया पारा क्षेत्र में बड़े स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडर से रिफिलिंग का काम करते हैं। राकेश गुप्ता के घर मिले कर्मचारी ने बताया कि रोजाना 7 सिलेंडर से लगभग 28-30 छोटे सिलेंडर भरे जाते हैं। उसका यह भी कहना था कि नया पारा में अन्य लोग जो छोटे सिलेंडर बेचते हैं, वे भी हमारे यहीं से भरे जाते हैं। हम उन्हें 350 रुपए में देते हैं और वे 400 रुपए में बेचते हैं।
नया पारा बना अड्डा
शहर में आमानाका, टाटीबंध, टिकरा पारा, जोरा पारा, और नया पारा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडर भरने का धंधा चल रहा है। नया पारा क्षेत्र इसका बड़ा अड्डा है। यहां 10 से ज्यादा दुकानों के बाहर सिलेंडर सजाकर रखते हैं। पांच किलो वाले छोटे सिलेंडर रिफिल कर 350 से 500 रुपए तक बेचते हैं। पांच किलो के सिलेंडर में तीन या चार किलो गैस भरते हैं। 14 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर से चार छोटे सिलेंडर आसानी से भर जाते हैं। इस तरह एक सिलेंडर से ये 1600-1800 रुपए तक कमाते हैं।
खाली छत भी दे दी किराए पर
डीबी स्टार टीम का एक सदस्य दुकान संचालक सुरेंद्र करराज से मिला। एक घंटे बाद उसने अपने एक कर्मचारी को खाली सिलंेडर लेकर रिफिलिंग के अड्डे पर भेजा। वह जोरा पारा स्थित प्रकाश राव नामक व्यक्ति के घर पहुंचा। चौथे माले पर खुले में रिफिलिंग का काम चल रहा था। एचपी के चार भरे हुए सिलंेडर, इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा और बांसुरी मिली। छत पर कुछ बच्चे भी खेल रहे थे। मकान मालिक प्रकाश राव ने खुलासा किया कि छत किराए पर दी है, रोजाना 100 रुपए लेता हूं।
रिफिलिंग मशीन का तोड़ है बांसुरी
अब गैस रिफिलिंग के लिए मोटर पंप के बजाय बांसुरी का उपयोग किया जाता है। पुरानी तकनीक में बिजली की खपत अधिक होती है तो मशीन भी महंगी आती है। बांसुरी दरअसल तांबे का पाइप है, जिसे दिल्ली से लाकर यहां बेचा जाता है। इसे घरेलू गैस सिलेंडर और छोटे सिलेंडर के वॉल्व में फंसाकर दो मिनट में गैस भर दी जाती है। बांसुरी की कीमत 50-100 रुपए के बीच है।
गैस एजेंसी के कर्मचारी देता है 1100 रुपए में
फ्लेम एंड फ्लेम गैस एजेंसी के कर्मचारी किशोर हरपाल का कहना था कि यहां वह एक सिलेंडर 1100 रुपए में देता है। आपको चाहिए तो सोमवार को मिलेगा। पकड़े जाने के बाद बोला, एक सिलेंडर सब्सिडी का मिलता है, जिसे किसी को भी बेच सकता हूं। एजेंसी संचालक को मौके पर बुलाकर पूछताछ की लेकिन वह कुछ नहीं, बता पाया। किशोर के पास से कई पर्चिया और मिलीं।
लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा करेंगे
नया पारा और जोरा पारा से छोटे गैस सिलेंडर रिफिलिंग का अवैध कारोबार करने वालों को पकड़ा है। 24 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। फ्लेम एंड फ्लेम एजेंसी का कर्मचारी कालाबाजारी करते हुए मिला है। कलेक्टर से उस एजेंसी का लाइसेंस निरस्त की अनुशंसा की जाएगी।
-सौमिल चौबे, एसडीएम, रायपुर
पुलिस भी नजर रख रही है
घरेलू एलपीजी सिलेंडर से छोटे में रिफिलिंग करने वालों पर पुलिस भी नजर रख रही है। ऐसा करने वालों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है।
-ओमप्रकाश शर्मा, सीएसपी, कोतवाली
तस्वीरों में देखिए.. पूरा माजरा...