मशीनों को लगी नक्सलियों की बुरी नज़र
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:12(10/02/12)
दंतेवाड़ा. जिला मुख्यालय से महज 4 किमी दूर दंतेवाड़ा-कटेकल्याण सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी मशीनों को गुरूवार की दोपहर नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी में एक टिप्पर, एक वायब्रो रोलर, एक पेवर फिनिशर मशीन बुरी तरह जल गई। दोपहर करीब पौने 2 बजे ग्रामीण वेशभूषा में अचानक आ धमके ५क्-६क् नक्सलियों ने पहले तो काम कर रहे कर्मचारियों व मजदूरों को धमकाया, इसके बाद उनके मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिया।
इसी दौरान नक्सलियों के एक समूह ने तीनों गाड़ियों पर सड़क निर्माण में काम आने वाला ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दिया। इसके बाद काम बंद करने की हिदायत देकर वहां से निकल गए। हमलावर नक्सली तीर-कमान, कुल्हाड़ी व पिस्टल से लैस थे। घटना के करीब घंटे भर बाद पुलिस वहां पहुंची, और टैंकरों की सहायता से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। मौके पर पहुंचे एसपी नरेंद्र खरे ने इलाके की सर्चिग करवाने की बात कही।
नहीं था हमले का अंदेशा : उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा से कटेकल्याण तक ४क् किमी लंबी सड़क चौड़ीकरण का काम एलडल्यूई योजना के तहत ठेकेदार अशोक अरोरा व केसी शर्मा ने अपने हाथ लिया है। इसी सप्ताह पुलिस व प्रशासन के साथ निर्माण एजेंसियों की बैठक में ठेकेदारों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य पोंदुम तक बगैर सुरक्षा के ही निपटा लेने की उम्मीद जताई थी।
लेकिन इस व्यस्ततम रोड पर अचानक हुए हमले से ठेकेदारोंे के माथे पर बल पड़ गए। इस वारदात से उन्हें करीब 75 लाख रूपए का नुकसान उठाना पड़ा है। घटना स्थल से एक किमी दूर स्थित हॉट मिक्सिंग प्लांट में जुलाई माह में भी नक्सली टिप्पर, जेसीबी को आग के हवाले कर चुके हैं।
नक्सली पर्चो से दहशत : बुधवार की देर रात नक्सलियों ने एनएच-16 पर बांगापाल-नेलसनार के बीच बड़ी संख्या में पर्चे चस्पा किए थे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा के गृह ग्राम फरसपाल के नजदीक भी नक्सली पोस्टर मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार की शाम केके लाइन पर स्थित बचेली स्टेशन के यार्ड में माओवादियों ने पोस्टर चिपकाए थे, जिसके चलते रेलवे ने पैसंेजर को जगदलपुर में ही रोक लिया।