माओवादियों ने टिप्पर सहित तीन वाहनों को जलाया
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 01:44(08/02/12)
रायपुर/बीजापुर. जिले में सक्रिय माओवादियों ने अपने दुस्साहस का परिचय देते हुए पुलिस सुरक्षा के बावजूद सड़क निर्माण कार्य में लगी वाहनों को आग के हवाले कर दिया। माओवादियों ने सड़क बनाने का विरोध करते तीन मशीनों को आग लगा दी जिसमें एक टिप्पर खाक हो गया जबकि अन्य दो वाहनों को आंशिक क्षति पहुंची।
पुलिस के मुताबिक टी प्वाइंट से आवापल्ली तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर डामरीकरण करवाया जा रहा था। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल भी सुरक्षा में लगाया गया था। सुबह करीब 9.15 बजे वाहन जब चेरामंगी पोस्ट के पास ही पहुंचे थे कि पहले 8 से 10 नक्सलियों ने वाहनों को अपने घेरे में ले लिया। इसके बाद साथ लाया पैरा वाहनों पर डाल दिया और फिर वाहनों की टंकी फोड़ कर डीजल छिड़क आग लगा दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया वाहन चालकों ने विरोध करना चाहा तो उनके शरीर पर गरम डामर डालने की धमकी देकर माफी मांगने के बाद छोड़ा गया।
वाहन चालक रामा ने बताया वाहनों के आगे सर्चिग करती फोर्स भी चल रही थी। बावजूद इसके नक्सली अपनी करतूत को अंजाम दे गए। आवापल्ली थाना क्षेत्र के तहत चेरामंगी स्थित सीआरपीएफ की 168 वीं बटालियन के कैंप से मात्र 200 मीटर वारदात को अंजाम देकर 40-50 माओवादी नारे लगाते भाग निकले। आगजनी की शिकार हुई टिप्पर नं सीजी17 एच 2138 जगदलपुर के मलकीत सिंह गैदू की, रोलर लोनिवि का और पेवर मशीन बीआर सिंह भदौरिया की बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।