राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
मिशन-2013: आदिवासी वोट साधने निकली कांग्रेस
भास्कर न्यूज
| Jan 06, 2013, 07:07AM IST

रायपुर। आदिवासी वोटरों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने कांग्रेस जोर लगा रही है। इसके लिए हर ब्लॉक कांग्रेस को जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्हें आम आदिवासियों के पास जाकर जोड़ने की कोशिश की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस बस्तर क्षेत्र के आदिवासी क्षेत्रों में बैठक लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भर रही है।
अविभाजित मध्यप्रदेश में आदिवासी वोटर कांग्रेस के पास थे। राज्य बनने के बाद आदिवासी इलाकों में भाजपा ने मजबूत पकड़ बना ली है। बस्तर क्षेत्र के 12 विधानसभा सीटों में से 11 में भाजपा के विधायक हैं। केवल एक सीट पर ही कांग्रेस काबिज है।
मिशन 2013 के लिए कांग्रेस बस्तर क्षेत्र में आदिवासियों के बीच अपनी पकड़ दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसलिए कांग्रेस लगातार बस्तर क्षेत्र में कार्यक्रम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल ने आज कांकेर जिले के चारामा ब्लाक नरहरपुर सरोना ब्लाक, कांकेर शहर/ग्रामीण ब्लाक में ब्लाक कार्यकारिणी की विस्तारित बैठकें ली।
उन्होंने चुनावी वर्ष 2013 में संगठन को ब्लाक एवं ग्राम स्तर तक और अधिक सक्रिय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ब्लाक कमेटी कांग्रेस की रीढ़ है। इसके बिना कांग्रेस संगठन की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने ब्लॉक के पदाधिकारियों के बीच कार्य विभाजन करने के निर्देश दिए। ताकि हर पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और हर कार्यकर्ता आम आदमी तक।
उन्होंने हर बूथ में पांच लोगों की कमेटी गठित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी कार्यो को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के बीच ले जाने की जवाबदारी ब्लाक पदाधिकारियों की है।
पूरी एकजुटता के साथ सभी पूरे मिशन 2013 में जुट जाएं। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री गंगा पोटाई, शिव नेताम, फूलोदेवी नेताम, अब्दुल हमीद हयात, मनोज मंडावी, शिव सिंह ठाकुर, हर्षद मेहता, देवलाल ठाकुर, नरोत्तम सिंह पटेल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। प्रदेश अध्यक्ष पटेल कल 6 जनवरी को पंखाजुर, दुर्गकोंदल, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर में ब्लाक कांग्रेस की बैठक लेंगे।









