'नक्सल प्रभावित दक्षिण बस्तर' के होनहारों को मिला 'टेबलेट पीसी'

दंतेवाड़ा. इंजीनियरिंग की अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा एआई ट्रिपल ई में चयनित 12 विद्यार्थियों को पीएचई मंत्री व जिला प्रभारी केदार कश्यप ने 1-1 टेबलेट पीसी देकर सम्मानित किया। नगर के हाई स्कूल मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव समारोह में प्रभारी मंत्री ने जिले के होनहारों को शाबाशी दी। इस मौके पर बेहतर अंक के साथ 12 वीं बोर्ड परीक्षा पास करने वाले 25 छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री कश्यप ने कहा कि अशांत व पिछड़ा समझे जाने वाले दक्षिण बस्तर में प्रतिभा की कमी नहीं है।
पर्याप्त अवसर मिलने पर वे बाहरी दुनिया में भी अपने हुनर का लोहा मनवा सकते हैं। जिला प्रशासन ने छू लो आसमान प्रोजेक्ट के जरिए ऐसी प्रतिभा को बेहतर प्लेटफार्म मुहैया करवाया, नतीजतन पहली बार इतनी बड़ी सफलता हाथ लगी। प्रभारी मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का जिक्र करते कहा कि सीएम डॉ रमन सिंह की संवेदनशील सोच के चलते बदलाव की बयार बहने लगी है। विधायक भीमा मंडावी ने शिक्षा को विकास के लिए जरूरी बताते कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर है। सरकार व जिला प्रशासन की मेहनत अब रंग दिखाने लगी है।
दक्षिण बस्तर के बच्चे भी इंजीनियर, डॉक्टर व बड़े पदों पर पहुंच सकते हैं, यह बात साबित हुई है। शुरूआत में कलेक्टर ओपी चौधरी ने शाला प्रवेशोत्सव के जिला स्तरीय आयोजन व मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए संचालित छू लो आसमान प्रोजेक्ट, मॉडल स्कूल, एकलव्य आवासीय स्कूल की गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर जनपद उपाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक कर्मा, गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष नवीन विश्वकर्मा, पर्यटन मंडल उपाध्यक्ष विजय तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री चैतराम अटामी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक बाजपेई, कलेक्टर ओपी चौधरी, एसडीएम सौरभ कुमार, डीपीसी हरेराम शर्मा, ट्रायबल एसी बीआर मोरला समेत जनप्रतिनिधि व अफसर-कर्मी मौजूद थे।
लगाया तिलक
प्रभारी मंत्री कश्यप ने नव प्रवेशी स्कूली छात्र-छात्राओं का रोली-तिलक लगाकर स्वागत किया। इस मौके पर सरस्वती योजना के तहत 9 वीं की छात्राओं को और पहली बार गरीब परिवार के छात्रों को सायकिल वितरण किया गया।
छू लो आसमान योजना के तहत कोचिंग लेकर एआईट्रिपलई में चयनित लखमूराम, देवेन्द्र नाग, राम प्रसाद, किस्के लखमू, सलवम रमेश, विनीत कावरे, सुनील कुमार नाग, कविता माड़वी, सुखमती, भवानी गहलोत, कवासी जोगी , स्वाति महापात्र, 10 वीं बोर्ड परीक्षा में जिले की मेरिट में शामिल भावना ठाकुर, किरण साहू, भूमिका सागर, शालिनी सिंह, मेरसी एक्का, सरिता सिंह, श्वेता ठाकुर, महिमा जैन, शिवानी कोर्राम, आदित्य राज टंडन, 12 वीं बोर्ड में जिले की मेरिट में शामिल बिन्नी सिंह, दीपक कुमार यादव, श्रुति जैनवार, पम्मी, माधुरी एक्का, रागिनी ¨सह चौहान, कीर्ति, श्वेता, पूजा गोस्वामी और कावेरी मंडल।






