चित्र उकेरकर नगरी सिरपुर नगरी पर लिखा जाएगा निबंध
Source: bhaskar news | Last Updated 00:34(03/02/12)
रायपुर/महासमुंद। केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत निर्माण अभियान को सिरपुर की धरा पर उतारने का निर्णय लिया है। केंद्र और राज्य की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सिरपुर महोत्सव को जिले में सबसे बढ़िया माध्यम माना जा रहा है।
केंद्र सरकार की पत्र सूचना कार्यालय के द्वारा सिरपुर महोत्सव में 15 स्टाल लगाए जाएंगे। पूरे स्टाल को मेले का अंग बनाया जा रहा है। योजनाओं को सरल ढंग से लोगों तक पहुंचाने व्यापक पैमाने पर चित्रकला और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। सिरपुर की धरा में पहली बार सिरपुर पर भी निबंध लिखे जाने की तैयारी की जा रही है। महोत्सव के मुख्य मंच पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के गीत और नाटक प्रभाग के कलाकारों द्वारा लोगों का मनोरंजन करते हुए योजनाओं से लाभ को बताया जाएगा। क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के माध्यम से गांव-गांव में सिरपुर महोत्सव में लगाए गए स्टालों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों की प्रस्तुति की रूपरेखा तैयार कर उसे अंतिम रूप दिया जा चुका है।
होगा मैजिक शो और खेल सकेंगे फन स्पोर्ट्स
सिरपुर महोत्सव को लोगों के बीच रोचक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने काफी तैयारियां की है। इसी तैयारी के तहत हर साल की तरह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तो होंगे ही, इस बार मंच पर मैजिक शो के साथ-साथ फन स्पोर्ट्स का भी आयोजन किया जा रहा है। करमा, ददरिया और भर्तहरी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी लोक कला की प्रस्तुति भी यहां पहले की ही तरह की जाएगी लेकिन इस मंच पर पहली बार बांस गीत को भी शामिल किया गया है। रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए तीनों ही दिन छत्तीसगढ़ी नाचा का आयोजन लोगों को लुभाएगा।
एयरो माडलिंग के जरिए सिरपुर के आकाश में नजर
महोत्सव के दौरान रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा दिन में भी पर्यटकों को सिरपुर में रोके रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एयरो माडलिंग शो का आयोजन किया जा रहा है। इसे दोपहर 2 बजे सिरपुर के आकाश में देखा जा सकेगा। इसके अलावा दिन में पेंट वाल, ट्रैंपोलीन और क्रिकेट पर आधारित चित्रों का भी प्रदर्शन होगा।
राज्यपाल करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
माघ पूर्णिमा के अवसर पर 6 फरवरी से आयोजित हो रहे तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल शेखर दत्त दोपहर 3 बजे करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू करेंगे। इस अवसर पर सांसद चंदूलाल साहू, विधायक अग्नि चंद्राकर, परेश बागबाहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरला कोसरिया, जनपद अध्यक्ष छाया चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य पार्वती साहू और पूर्व राज्यमंत्री विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह के समापन कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के शिरकत होने की खबर है।
7 को होगी कार्यशाला
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के द्वारा केंद्र की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने 7 फरवरी को कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। भारत निर्माण अभियान के सदस्य महोत्सव में लोगों का मनोरंजन करेंगे और योजनाओं की जानकारी देकर निबंध के माध्यम से सुझाव प्राप्त करेंगे।
विकल्प शुक्ला, नोडल अधिकारी, पीआईबी
महोत्सव को रोचक और जनप्रिय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने क्षेत्र के कलाकारों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति से जुड़ी प्रतिभाओं को आमंत्रित किया है। बांसगीत जिले की पहचान को बताएगा।
चंद्रकांत उइके, नोडल अधिकारी, महोत्सव