राज्योत्सव मेले में मुफ्त पहुंचाएंगी सौ सिटी बसें

रायपुर. पहली बार नई राजधानी में आयोजित होने जा रहे राज्योत्सव में शहर से लोग मुफ्त में पहुंच सकेंगे। इसके लिए एक से सात नवंबर तक रायपुर से राज्योत्सव स्थल तक 100 बसें चलाई जाएंगी। इन बसों से लोग कार्यक्रम के लिए आना-जाना कर पाएंगे। बसों का परिचालन सुबह 11 से रात तीन बजे तक होगा। इस दौरान यात्रियों से किसी तरह का भाड़ा नहीं लिया जाएगा।
शहर से नई राजधानी की दूरी लगभग 20 किलोमीटर है। इस लिहाज से राज्योत्सव के दौरान परिवहन व्यवस्था को पुख्ता बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बसों के परिचालन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें एनआरडीए, जिला प्रशासन, आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को शामिल किया गया है।
इन चारों विभाग से एक-एक प्रतिनिधि को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। यह कमेटी जल्द ही छोटी और बड़ी बसों का अधिग्रहण शुरू करेगी। नई राजधानी तक परिचालन करने वाले बस मालिकों को परिवहन विभाग के नियमानुसार राशि का भुगतान किया जाएगा।
चार सेंटरों से छूटेंगी बसें
राजधानी सहित प्रदेशभर से आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए यह बसें शहर के चार सेंटरों से छोड़ी जाएंगी। इनमें गॉस मेमोरियल ग्राउंड, शंकरनगर स्थित बीटीआई ग्राउंड, सप्रे शाला मैदान और साइंस कॉलेज ग्राउंड शामिल हैं। जो बस जहां से छूटेगी, लौटकर वापस उसी स्थान पर आएगी। सभी रूट की बसों का अलग-अलग नंबर तय किया जाएगा।
एक सेंटर से 25 बसें बारी-बारी से नई राजधानी के लिए चलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, सेंटरों से निकलने के बाद बस सीधे राज्योत्सव स्थल पर ही रुकेगी। ऐसे में बस पकडऩे के लिए लोगों को अपने नजदीक के सेंटर जाना होगा। यह व्यवस्था इसलिए भी लागू होगी, ताकि कम समय में लोगों को राज्योत्सव स्थल तक पहुंचाया जा सके।
तैयारियां हुईं शुरू
नई राजधानी में होने वाले राज्योत्सव में लोगों को ले जाने और वापस लाने की निशुल्क व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चार सदस्यीय कमेटी इसको मॉनिटर कर रही है।
केएल पाणिग्रही, कमेटी सदस्य, परिवहन व्यवस्था






