राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
आंध्र, ओडिशा से संपर्क टूटा, दो हजार से ज्यादा बसों के पहिए थमे
Bhaskar news
| Aug 05, 2012, 05:08AM IST

रायपुर से बिलासपुर, बलौदाबाजार और कवर्धा जाने वाला मार्ग लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी बंद रहा। जोंक नदी में बाढ़ की वजह से छत्तीसगढ़ से ओडिशा का संपर्क कट गया है। महासमुंद से आगे सराईपाली से भवानीपटना (ओडिशा) का रूट ठप है। शनिवार सुबह इस रूट पर एक ट्रक नदी में बह गया। इधर, इंद्रावती नदी के उफान पर होने की वजह से जगदलपुर से भद्राचलम होते हुए हैदराबाद (आंध्रप्रदेश) जाने वाली बसें भी बंद हो गई हैं। बस ऑपरेटरों के मुताबिक, नदी में जल स्तर कम होने तक बसों का परिचालन बंद रहेगा। यातायात ठप होने से प्रदेशभर में दो लाख से ज्यादा मुसाफिर प्रभावित हुए हैं।
मार्ग बंद होने से निजी गाड़ियां भी जाम हो गई हैं। रायपुर से जगदलपुर तक तो बसें चल रही हैं, लेकिन सुकमा-कोंटा मार्ग पर आधी बसें भी नहीं चल पा रहीं हैं। शुक्रवार को इस रूट पर नक्सली बंद के कारण परिचालन प्रभावित था, लेकिन शनिवार को सड़कें खराब होने की वजह से आधी बसें नहीं चल सकीं।
धमतरी के बारिश से मगरलोड ब्लाक में मेघा-खैरझिटी मार्ग में अरौद नाला में 3 फीट ऊपर पानी चल रहा है। परसवानी से राजिम पहुंच मार्ग तथा मोहंदी नाला में भी सड़क से 3 फीट ऊपर पानी चल रहा है, जिससे ये सभी मार्ग बंद हो गए।
महासमुंद के सांकरा के पास जोंक नदी में पुल के ऊपर 5 फीट से अधिक के बहाव ने हाइवे को जाम कर दिया। नदी के दोनों तरफ सैकड़ों ट्रकें खड़ी हैं, वहीं पुल पार करते समय एक ट्रक नदी में बह गया, ड्राइवर और खलासी पिछले आठ घंटे से लापता हैं।
फिंगेश्वर क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से यहां से तीन किलोमीटर दूर स्थित राजिम फिंगेश्वर प्रमुख मार्ग पर सरगी नाला के रपटे पर आज पांच फुट पानी चढ़ गया। इससे रास्ता बंद हो गया।
कुछ लोकल बसें सिर्फ पुल तक
रायपुर से कवर्धा, बेमेतरा, बिलासपुर और बलौदाबाजार मार्ग पर पुल तक कुछ बसें चलाई जा रही हैं। वहां से आगे जाने के लिए मुसाफिरों को दूसरी गाड़ी पकड़नी पड़ रही है। बेमेतरा रूट पर शिवनाथ नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इस वजह से यह मार्ग बंद है। कवर्धा रूट भी ठप हो गया है।
बाइक और कार वालों को भी शिवनाथ नदी के पुल पर नहीं जाने दिया जा रहा। धनेली और कोल्हान नाला अब भी उफान पर है।
बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग बंद
रायपुर से बिलासपुर रूट स्थित धनेली नाला उफान पर है। इस वजह से बिलासपुर की ओर जाने वाली आधी बसों का संचालन ठप है। कुछ गाड़ियां तिल्दा मार्ग से चलाई जा रही हैं। बिलासपुर से अंबिकापुर जाने वाली गाड़ियां भी बंद हैं। इस रूट पर अरपा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। अगर रविवार तक बारिश बंद रही, तभी यह मार्ग खुल पाएगा।








