रायपुर.स्वास्थ्य विभाग की कार्यशाला में डाक्टरों को बासी पनीर की सब्जी परोस दी गई। दाल भी ऐसी थी कि डाक्टरों को उबकाई आने लगी। भोजन के पैकेट पंजाब पैलेस से मंगवाए गए थे। भोजन की क्वालिटी देखकर नाराज अफसरों ने खाद्य विभाग की टीम बुला ली। दाल और पनीर की सब्जी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भोजन देखकर इतने नाराज थे कि उन्होंने होटल के मालिक और मैनेजर को बुलवा लिया। उनके सामने भोजन के पैकेट रखकर पूछा गया कि क्या आप लोग ऐसी सब्जी ग्रहण कर सकते हैं। होटल के संचालक और मैनेजर कुछ पल के लिए हड़बड़ा गए।
उन्होंने होटल के हेड कुक को बुलवा लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अजय कन्नौजे ने सबके सामने सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग ने कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रास की बिल्डिंग में पल्स पोलियो कार्यक्रम से संबधित जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया था। इसमें जिले भर के लगभग 70 डाक्टर शामिल होने पहुंचे थे। कार्यशाला दिनभर चलनी थी। इस वजह से भोजन के पैकेट मंगवाए गए थे।