छात्र ने माओवादियों के चोला पहन प्रिंसिपल को डराया
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:49(10/02/12)
रायपुर/पाइकमाल. माओवादी का भय दिखा कर कुछ भी किया जा सकता है। इसी मानसिकता ने एक छात्र को हवालात पहुंचा दिया। कालेज के प्रिंसीपल से माओवादी के नाम पर रुपया मांगने वाले एक छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
यहां के विंध्यवासिनी कालेज में हुआ उक्त वाकया अब खास चर्चा का केंद्र बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार इस कालेज में बारहवीं में पढ़ने वाले छात्र प्रशांत मेहेर (19 वर्ष) ने खुद को माओवादी बताते हुए लाल स्याही से एक चिट्ठी प्रिंसिपल श्याम लाल प्रधान को लिखी जिसमें 15 हजार रुपयों की मांग की गई थी तथा यह भी लिखा था कि रुपया कहां पर छोड़ना है।
इस चिट्ठी के मिलने के बाद प्रिंसिपल ने पुलिस को खबर दे दी। स्थानीय पुलिस ने एसडीपीओ व एसपी से परामर्श के बाद योजना बनाई। छात्र द्वारा सुझाए गए स्थान पर एक लाल कपड़े में कुछ कागज बांध कर छोड़ दिया गया तथा पुलिस चुपचाप प्रतीक्षा करने लगी। बताया जा रहा है कि पुलिस को उम्मीद थी कि चिट्टी लिखने वाला माओवादी होगा और रुपए लेने आएगा तो उसे पकड़ लेंगे।
इसलिए पुलिस पूरी तैयारी के साथ मौजूद थी। उक्त निर्धारित स्थान के आसपास प्रशांत मेहेर चक्कर काटने लगा। तब पुलिस ने उसे पहले संदेह के आधार पर पकड़ा। लेकिन बाद में उसने कुबूला कि माओवादी के नाम पर चिट्ठी उसी ने लिखी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रशांत को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।