छत्तीसगढ़ में लगेगा परमाणु संयंत्र
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:59(10/02/12)
रायपुर. परमाणु ऊर्जा आयोग ने छत्तीसगढ़ में परमाणु बिजली संयंत्र लगाने की सहमति दे दी है। परमाणु बिजली संयंत्र लगाने के लिए अब राज्य सरकार को अंतिम निर्णय करना है।
परमाणु बिजली संयंत्र लगाने की दिशा में प्रारंभिक कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य ऊर्जा विकास अधिकरण (केड्रा)ने की है।
क्रेेडा के पत्र के आधार पर परमाणु ऊर्जा आयोग ने परमाणु बिजली संयंत्र लगाने में रुचि ली। आयोग का सहमति पत्र क्रेडा को मिल चुका है। केड्रा के निदेशक एसके शुक्ला ने बताया कि राज्य में राजनांदगांव और रायगढ़ में यूरेनियम पाए जाने की पुष्टि हो चुकी है।
इसके अलावा सरायपाली के पास भी यूरेनियम का भंडार होने के संकेत हैं। परमाणु बिजली संयंत्र लगाने की दिशा में आगे बढ़े तो इसकी लागत काफी कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि एक हजार मेगावाट का परमाणु बिजली संयंत्र मात्र 30 हेक्टेयर क्षेत्र में लगाना संभव है।
सालभर के लिए इसमें करीब 160 टन यूरेनियम की ही आवश्यकता पड़ेगी। कोयले के परंपरागत बिजली संयंत्र के लिए इसकी तुलना में काफी अधिक कोयला और जमीन की आवश्यकता होती है। परमाणु बिजली संयंत्र की स्थापना में करीब 9 करोड़ रुपए प्रति मेगावाट लागत आएगी।
प्रस्तावित संयंत्र कितने मेगावाट का होगा और इसके लिए क्या-क्या करना होगा, अभी इस पर किसी प्रकार चर्चा नहीं हुई है लेकिन बात आगे बढ़ी तो आयोग और केड्रा के ज्वाइंट वेंचर में यह काम किया जाएगा।