यहां प्रशासन के भरोसे रहना ग्रामीणों ने छोड़ दिया
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 01:59(10/02/12)
दुर्गूकोंदल.शासन-प्रशासन दावा किया जा रहा है कि अंचल में तेजी से विकास कार्य हो रहे है। गांवों में स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा जैसे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। लेकिन अंदरूनी क्षेत्र में सरकार के दावे की जमीनी हकीकत कुछ और ही है। अंचल में कोदापाखा, बांगाचार क्षेत्र ऐसा है जहां जरूरत होने के बाद भी आज तक पुल-पुलिया का निर्माण नहीं किया गया।
जिसके चलते क्षेत्रवासी खासे परेशान है। कोदापाखा से बांगाचार सड़क मार्ग जर्जर है। मार्ग में तीन बड़े-बड़े नाले है जहां पुल-पुलिया का अभाव है। ग्रामीण दुर्गा प्रसाद कोमरे, सुखदेव, घसिया ने बताया कि पुलिया नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीण मिलकर हर वर्ष जन सहयोग से लकड़ी, मिट्टी, मुरम डालकर पुलिया का निर्माण करते है।
जो कि कई बार वाहन, गाड़ी आदि चलने से टूट जाती है। कच्चा पूल होन के कारण इसमें वाहन चलने से दुर्घटना भी होते रहती है। किसान मनुराम, नोहरू, रामजी ने कहा कि यहां से ग्राम क्वाचीकटेल, नेवारखेड़ा, कोपाकटेल सहित अन्य गांवों के लोग गुजरते है।
खाद, बीज लाने व धान बेचने में काफी परेशानी होती है। साथ ही बारिश में स्कूली छात्र-छात्राएं भी स्कूल नहीं जा पाते है। जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। मेड़ो तथा चाहचाड़ के नाला से भी बेहद परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल-पुलिया के लिए लगातार मांग कर रहे है लेकिन शासन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।