'यहां दूध से ज्यादा शराब की खपत होती है'
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:29(09/02/12)
भानुप्रतापपुर. कांग्रेस नेताओं ने प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर कहा कि आदिवासियों को दुधारू जर्सी गाय देने का झूठा वादा करने वाली भाजपा सरकार अदिवासी क्षेत्रों में शराब परोसने में मग्न है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के साथ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और आबकारी मंत्री अमर अग्रवाल के फोटो वाले बड़े होर्डिग लगाकर चरणबद्ध शराबबंदी का ढकोसला करने वाली भाजपा जवाब दे कि बस्तर में दूध से ज्यादा शराब की खपत कैसे बढ़ गई है।
आबकारी वाणिज्यकर विभाग के अांकड़ें इस बात के पुख्ता प्रमाण है कि भाजपा सरकार द्वारा चरणबद्ध शराबबंदी की बात सिर्फ झूठा प्रचार पाने का माध्यम है। एक तरफ भाजपा बड़े-बड़े होर्डिग लगाकर शराब बिक्री को हतोत्साहित करने का ढिंढोरा पीट रही है दूसरी ओर समूचे प्रदेश के चौक-चौराहों में खुलेआम शराबियों की महफिलें जम रही है।
बयान जारी करने वाले कांग्रेसियों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता मानक दरपट्टी, नगर पंचायत अध्यक्ष बेला ललित ठाकुर, कमलेश चोपड़ा, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी व तुषार ठाकुर है।