उम्मेन छुट्टी पर, सुनील को प्रभार
Source: शिशिर सोनी | Last Updated 03:36(05/02/12)
रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पी. जाय उम्मेन अब संभवत: काम पर नहीं लौटना चाहते। वे लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। उनकी कोशिश है कि जून में रिटायर होने के पहले प्रतिनियुक्ति पर चले जाएं।
इससे अब यह स्पष्ट हो गया है कि सुनील कुमार प्रभारी मुख्य सचिव के रूप में काम करते रहेंगे और जून में इस पद पर उनकी औपचारिक नियुक्ति कर दी जाएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सुनील कुमार के साथ सचिवों के प्रभार में फेरबदल पर चर्चा की। इस बैठक में उन्होंने अफसरों की संभावित जिम्मेदारी का खाका लगभग तैयार कर लिया है।
अगले हफ्ते फेरबदल के संकेत
संकेत हैं कि अगले हफ्ते तक तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही पद पर जमे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया जा सकता है। इस कवायद के जरिए सीएम इस आरोप को गलत साबित करना चाहते हैं कि सरकार नौकरशाहों के रिमोट-कंट्रोल से संचालित होती है।
एक ही झटके में छत्तीसगढ़ के हाईप्रोफाइल डीजीपी विश्वरंजन को उनके पद से हटा देना, फिर प्रमुख वन संरक्षक (पीसीसीएफ) को चलता करने के बाद ऐसा लग रहा था कि कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ की नौकरशाही में कोई बड़ा उलटफेर नहीं होगा, लेकिन अब उन्होंने प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के बड़े अधिकारियों को इधर से उधर करने की लगभग तैयारी कर ली है।
जाय उम्मेन ने रमन से प्रतिनियुक्तिकी ली मंजूरी
पी जाय उम्मेन ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से प्रतिनियुक्ति पर आवेदन की मंजूरी ले ली है। इस बात की पुष्टि स्वयं मुख्यमंत्री ने दैनिक भास्कर से की है। सूत्रों ने बताया कि वे छुट्टी के समय का सदुपयोग केंद्र सरकार में सचिव स्तर के किसी पद की जुगाड़ करने के बाद राज्य की नौकरशाही को बाय-बाय कह देंगे। वैसे पहले भी उन्होंने हुडको चेयरमैन के रूप में प्रतिनियुक्ति पर आने का प्रयास किया था, जो किसी न किसी कारणवश टल रहा है। सूत्रों ने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक उपक्रम कपार्ट के चेयरमैन सहित कुछ अन्य पदों पर उनकी नजर है।