युवकों ने चलाई गोली, सब जगह से आने लगी चीख पुकार की आवाज
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 03:50(09/02/12)
रायपुर. गुढ़ियारी गोगांव में शराब भट्ठी के पास बुधवार की रात 9 बजे तीन नकाबपोश युवकों ने किराना व्यापारी पर गोली चला दी। पिस्टल से निकली गोली व्यापारी के कंधे को चीरती हुई पार हो गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी मची और रोड पर मौजूद लोग इधर-उधर भागे। पुलिस महकमा भी तत्काल हरकत में आ गया। सिटी एसपी डा. लाल उमेद सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। हत्या की कोशिश में नाकाम होने के बाद शूटर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों शूटर एक मोटरसाइकिल पर बैठकर आए थे। पहचान छिपाने की गरज से उन्होंने अपने चेहरे पर रूमाल बांधा था। उन्होंने एक ही फायर किया। गोली लगते ही किराना व्यापारी पवन सिंह चीख मारकर नीचे गिर पड़ा। शूटरों को संभवत: लगा कि गोली ठीक निशाने पर लगी है। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल गोगांव से टाटीबंध की ओर दौड़ा दी। गोली चलने से वहां मौजूद लोग कुछ पल के लिए घबरा गए थे। इस वजह से किसी ने न उनका पीछा करने की सोची और न ही किसी का ध्यान मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट की ओर गया।
घटना के बाद घायल व्यापारी पवन सिंह को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बदहवास है। उसने केवल अपना और अपने भांजे अवधेश सिंह का नाम बताया है। उसका भांजा कबीरनगर में रहता है। पुलिस और क्राइम ब्रांच का अमला शूटरों की तलाश में जुट गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि पवन सिंह मूलत: बिहार का रहने वाला है। डब्लूआरएस कालोनी में उसने एक दोस्त के साथ मिलकर किराने की दुकान खोली है। वह किसलिए और क्यों वहां गया था यह पता नहीं चल सका है।