श्रमिकों को मिलने वाले लाभों में 10 गुना इजाफा
Source: Danikbhaskar news | Last Updated 02:05(07/02/12)
नई दिल्ली. दिल्ली सरकार ने श्रमिकों को दिए जाने वाले लाभों में 10 गुना तक इजाफा करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अनुसार सरकार ने निर्माण मजदूर अधिनियम 1996 के तहत गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशें लागू करने का फैसला किया है।
विवरण देते हुए दिल्ली के श्रम मंत्री रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि पंजीकृत महिला मजदूरों को मिल रहे एक हजार रुपए के मातृत्व लाभ को बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया है। यह लाभ बच्चे के जन्म के समय मिलता है। पंजीकृत भवन और अन्य निर्माण मजदूरों को इस समय 150 रुपए पेंशन मिल रही है।
इसे बढ़ाकर एक हजार रुपए प्रतिमाह करने का फैसला लिया गया है। अभी तक पांच वर्ष बाद पेंशन में प्रतिवर्ष 10 रुपए इजाफा किया जाता था लेकिन अब यह इजाफा 150 रुपए होगा। इसी तरह विकलांगता के समय मिलने वाली अनुग्रह राशि पांच हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी गई है।