नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मणिपुर में 23 हजार निवेशकों को करीब 100 करोड़ ठग चुके एक गिरोह का भांडाफोड़ किया है।
गिरोह के सरगना निनगोमबम राजू उर्फ राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक महज 12वीं पास राजू ने मल्टी लेवल मार्केटिंग स्कीम के तहत ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठगा गया। राजू ठगी के बाद कंपनी बंद कर स्थान बदल लेता था।
पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि मणिपुर पुलिस ने उन्हें राजू के एनसीआर में छुपे होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के कोटला मुबारकपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक राजू ने कुछ अन्य लोगो के साथ मिलकर 'वेल्किन रियल टेक प्राइवेट लिमिटेड' के नाम से फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी बनाई। वह 10 हजार रुपये निवेश करने वाले को तीन महीने में तीन गुना देने का लालच देता था।