चचेरे भाई शौकत के साथ इसी मकान में रुका था अफजल गुरु।

नई दिल्ली. संसद पर हमले से पहले उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके के जिस घर में अफजल गुरु अपने साथियों के साथ ठहरा था आज उसी मकान में डॉ. कुंदन कुमार रहते हैं। लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि यह वही मकान है जिसमें कभी अफजल रहा था तो एक बार वह सहम गए।
मन में कई सवाल भी उठे, लेकिन उन्होंने मकान खरीद लिया। उनका कहना है कि अगर मैंने मकान का बयाना नहीं दिया होता तो शायद यह मकान नहीं खरीदता।
परमार्थ अस्पताल में काम करने वाले डॉ. कुंदन बताते हैं कि वे वर्ष 2010 से इस बिल्डिंग के प्रथम तल पर रह रहे हैं। लोग बताते हैं कि इसी तल पर अफजल और अन्य आतंकी दोस्त ठहरे थे।
इस तीन मंजिला इमारत के प्रथम तल का बयाना देते वक्त वह इस बात से अनजान थे कि इसी इमारत में लोकतंत्र के मंदिर पर हमले के आरोपी ठहरे थे। यहीं रहते हुए उन्होंने पूरी घटना का अंतिम ताना-बाना बुना।
इस बात की जानकारी मिलते ही वह सन्न रह गए। उन्हें यह डर सताने लगा कि मकान विवादित है और भविष्य में पुलिस उन्हें तंग कर सकती है। इस बारे में उन्होंने आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी बात की।
डॉ. कुंदन आगे बताते हैं कि उन्होंने अफजल को केवल टीवी पर ही देखा है। टीवी पर अफजल की खबर आने के बाद अक्सर उनका मकान चर्चा का विषय बन जाता है। उन्होंने बताया कि इस इमारत के लगभग सभी तलों पर रहने लोग अब यह स्थान छोड़कर कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं।






