परेड देखकर लौटने वाले आज 12.30 बजे के बाद ही लें मेट्रो !

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था के चलते 26 जनवरी को सुबह 6 से लेकर 12.30 बजे तक दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले मुसाफिरों को थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 26 जनवरी को लाइन-2 (हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी), लाइन-3 (द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर) एवं लाइन-6 (केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर) के नौ मेट्रो स्टेशन से ट्रेनों का परिचालन बंद करने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त लाइन-3 में इंद्रप्रस्थ से राजीव चौक के बीच ट्रेनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत 26 जनवरी को लाइन-2 (हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी) पर सुबह 6.30 से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक राजीव चौक पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास की सुविधा नहीं होगी। राजीव चौक पर लाइन-2 से लाइन-3 और केंद्रीय सचिवालय से लाइन-2 से लाइन-6 के लिए सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी। पटेल चौक, उद्योग भवन और रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी। वहीं लाइन-3 (द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर) पर राजीव चौक, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस और प्रगति मैदान पर सुबह 6.30 बजे से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक प्रवेश और निकास प्रतिबंधित होगा। नोएडा सिटी सेंटर की ओर से आने वाली ट्रेनों को इंद्रप्रस्थ पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा और वैशाली से आने वाली ट्रेनों को यमुना बैंक पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा। द्वारका की ओर से आने वाली ट्रेनों को राजीव चौक पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा।
इस दौरान राजीव चौक पर टिकटों की ब्रिक्री पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इसी तरह लाइन-6 (केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर) पर खान मार्किट एवं केंद्रीय सचिवालय पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी होगी। टिकटों की बिक्री बदरपुर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के बीच होगी।







