नई दिल्ली. राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटील के सचिव को एक व्यक्ति ने आपत्तिजनक एसएमएस भेजे हैं। सचिव ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि खुद को इंस्पेक्टर बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें 48 घंटे के भीतर लगभग 84 एसएमएस किए।
इनमें उसने महामहिम के खिलाफ कई अपमानजनक बातें लिखीं। फिलहाल, पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस मामले की शिकायत जनवरी माह में मिली थी। राष्ट्रपति के सचिव क्रिस्टी फर्नाडीज ने लिखित शिकायत दी थी कि 15 जनवरी की रात 10 बजे से उन्हें एक मोबाइल नंबर से लगातार एसएमएस आ रहे हैं।
एसएमएस भेजने वाले ने खुद का नाम इंस्पेक्टर सुरेश कुमार पी लिखा था। एक एसएमएस में उसने लिखा कि राष्ट्रपति समझती हैं कि जगन्नाथपुरी मंदिर व श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की उनकी यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर में शार्ट सर्किट से जो धुआं निकला था, उसके पीछे वह जिम्मेदार है।
इसके अलावा, उसने कई एसएमएस में अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उसने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से संबंधित भी एसएमएस भेजा। एक एसएमएस में उसने लिखा कि वह जलगांव एयरपोर्ट या फिर अमरावती में जाकर करोड़ों रुपए की रिश्वत नहीं दे सकता।
वह कई बार राष्ट्रपति के सामने मदद की गुहार लगा चुका है और उनकी तरफ से लगातार अनदेखी होती रही है। वह 6-08-09 से कई बार उनसे मदद मांग चुका है, पर हर बार उसकी बात को अनसुना किया गया है, जो अमानवीय है और मौलिक अधिकारों का हनन है।
पुलिस ने इस बाबत आईटी एक्ट की धारा 66ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला है कि जिस नंबर से सचिव क्रिस्टी फर्नाडीज के मोबाइल पर एसएमएस आए थे, वह मुंबई का वोडाफोन कनेक्शन है।
जांच में यह भी पता चला है कि एसएमएस भेजने वाला इंस्पेक्टर एक्साइज डिपार्टमेंट का था और उसे पहले ही बर्खास्त कर दिया गया था। फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। अभी जांच की जा रही है।
टीवी सिर्फ बिगाड़ ही नहीं रहे हैं, मरने पर भी कर रहे हैं मजबूर!
यही है वो रथ जिसपर चढ़ कर मोदी को मिली थी शानदार सफलताआखिर कब आएगी इन्हें शर्म, यहां तो अन्ना भी हो गए हैं बेअसरउधर शर्मसार हुआ देश, इधर पहली बार बजा राष्ट्रगान!